मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य से लिया आशीर्वाद : प्रदेश की खुशहाली के लिए की मंगलकामना

जबलपुर (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर प्रवास के दौरान साकेत वाटिका पहुंचकर तुलसी पीठाधीश्वर और पद्म विभूषण से सम्मानित जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वामी जी का शॉल और श्रीफल भेंट कर पारंपरिक रूप से अभिनंदन किया।
प्रदेश के विकास के लिए मांगा मार्गदर्शन
विश्व विख्यात रामकथा वाचक स्वामी रामभद्राचार्य जी से आत्मीय चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रगति, जनकल्याण और समृद्धि के लिए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वामी जी ने भी स्नेहपूर्वक मुख्यमंत्री को माला पहनाकर उनका स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर स्वामी जी के अनुयायियों ने मुख्यमंत्री को स्मृति स्वरूप ‘श्री राम दरबार’ की एक सुंदर प्रतिकृति भेंट की।
ग्वारीघाट में प्रवाहित हो रही है रामकथा की गंगा
उल्लेखनीय है कि स्वामी रामभद्राचार्य जी वर्तमान में जबलपुर के ग्वारीघाट स्थित आयुर्वेद कॉलेज मैदान में भव्य श्रीराम कथा कर रहे हैं। 5 अप्रैल से शुरू हुई इस आध्यात्मिक यात्रा का समापन 13 अप्रैल को होगा।
इस विशेष भेंट के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि और समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष संदीप जैन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
















