छत्तीसगढ़

आप के ‘हाईजैक’ दावों को सीएम साय ने किया खारिज, कहा- ‘डबल इंजन सरकार से बदला छत्तीसगढ़ का परिदृश्य

रायपुर। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह के उस बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा ऐतराज जताया है, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकार को नियंत्रित करने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री साय ने इन दावों को पूरी तरह से निराधार बताते हुए स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं है। उन्होंने कहा कि बीते ढाई वर्षों में ‘डबल इंजन’ की सरकार के समन्वय से प्रदेश का चौमुखी विकास सुनिश्चित हुआ है।

कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के दौर पर रवाना होने से पूर्व मीडियाकर्मियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य में ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए सभी वादों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 18 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री आवास और 70 लाख से अधिक महिलाओं को ‘महतारी वंदन योजना’ का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है।

राष्ट्रीय प्रगति और अर्थव्यवस्था पर जवाब

ई-20 ईंधन के संदर्भ में अरविंद केजरीवाल की टिप्पणियों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ देश आगे बढ़ रहा है। भारत वैश्विक स्तर पर आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है और पिछले 12 वर्षों में 10वें स्थान से उभरकर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।

विदेशी योगदान संशोधन विधेयक 2026 का समर्थन

संसद के आगामी सत्र में प्रस्तुत किए जाने वाले ‘विदेशी योगदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026’ का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम राष्ट्रीय हित में है और इससे देश की सुरक्षा व व्यवस्था को लाभ पहुंचेगा।

बस्तर मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला

बस्तर के 90 से अधिक नक्सल प्रभावित गांवों में पहली बार तिरंगा फहराए जाने को कांग्रेस द्वारा ‘प्रचार’ बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब जनहित से जुड़ा कोई मुद्दा नहीं बचा है। चार दशकों तक नक्सलवाद का दंश झेलने वाले बस्तर में तिरंगे का फहराया जाना ऐतिहासिक है, जिस पर राजनीति करने के बजाय विपक्ष को प्रसन्नता व्यक्त करनी चाहिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button