कांकेर के लामकन्हार से सीएम साय ने सुनी ‘मन की बात’, गांव के विकास के लिए 85 लाख रुपये की घोषणा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांकेर जिले के अंतागढ़ स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ग्राम लामकन्हार) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 138वां एपिसोड सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर करते हुए इसे पूरे राज्य के लिए सम्मान की बात बताया।
स्थानीय प्रयासों को मिल रही राष्ट्रीय पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के जरिए देश भर में जनभागीदारी से हो रहे नवाचारों को एक बड़ा मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में कुपोषण को दूर करने के लिए ‘हर घर मुनगा’ अभियान एक अहम कदम है। मुनगा आसानी से मिलने वाला पौष्टिक आहार है, जिसके पत्ते, फूल और फल आयरन समेत कई पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। साय ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने घरों में मुनगा लगाने की अपील की।
छत्तीसगढ़ के नवाचारों की सराहना
मुख्यमंत्री ने ध्यान दिलाया कि यह पहला मौका नहीं है जब राज्य के किसी अभियान की चर्चा हुई हो। इससे पहले बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार का ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया जिले का ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ भी प्रधानमंत्री की सराहना प्राप्त कर चुके हैं। जल संचय मॉडल के तहत किसान अपने खेत के 5% हिस्से में पानी का संचय करते हैं, जिससे सिंचाई सुविधा मिलने के साथ भूजल स्तर में भी सुधार होता है।
नक्सलवाद से मुक्ति और विकास की ओर बढ़ता बस्तर
क्षेत्र की स्थिति पर बात करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांकेर और बस्तर का इलाका लंबे समय तक उग्रवाद से प्रभावित रहा है। केंद्र सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के साहस और जनता के सहयोग से अब यह क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्त होकर शांति और तरक्की की राह पर बढ़ रहा है। सरकार का मुख्य लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचाना है।
ग्राम लामकन्हार को 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लामकन्हार में बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए 85 लाख रुपये की विकास योजनाओं का ऐलान किया:
शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण: 15 लाख रुपये
प्राथमिक व माध्यमिक स्कूल भवन का निर्माण: 37 लाख रुपये
छोटे पारा में सीसी रोड निर्माण: 18 लाख रुपये
एकलव्य आवासीय विद्यालय में लैब व लाइब्रेरी: 15 लाख रुपये
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री साय ने विद्यालय परिसर में अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए सभी से पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया।
इस दौरान स्थानीय सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
















