सपना चौधरी के शो के बाद बवाल : आयोजकों पर जबरन कमरे में घुसने, मारपीट और धमकी देने का आरोप

कोरबा। मशहूर हरियाणवी नृत्यांगना सपना चौधरी के कोरबा में हुए कार्यक्रम के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम खत्म होने के उपरांत, कथित तौर पर आयोजकों ने सपना चौधरी के होटल के कमरे में घुसने का प्रयास किया, उनके स्टाफ के साथ मारपीट की और धमकी भी दी। इस दौरान होटल में तोड़फोड़ और लूटपाट की घटना भी सामने आई है। सपना चौधरी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है।
यह घटना कोरबा के राताखार स्थित जश्न रिसॉर्ट की है, जहाँ शनिवार रात को यह कार्यक्रम आयोजित हुआ था। बताया जाता है कि यह कार्यक्रम लगभग ढाई घंटे तक चलना था, लेकिन सिर्फ एक घंटे में ही समाप्त हो गया। मंच पर दर्शकों की ओर से हुल्लड़बाजी, पैसे उछालने और भीड़ के बेकाबू होने जैसी स्थितियाँ बनी रहीं। सपना चौधरी ने कई बार दर्शकों से संयम बनाए रखने और अपनी सीटों पर बैठने की अपील की, लेकिन अव्यवस्था के चलते वे मुश्किल से तीन-चार गानों पर ही प्रस्तुति दे पाईं और फिर मंच छोड़ दिया।
कमरे में घुसने की कोशिश और धमकी
प्रस्तुति समाप्त होने के बाद सपना चौधरी अपने कमरे में आराम कर रही थीं। कुछ देर बाद, कथित तौर पर नशे में धुत आयोजक अमित नवरंग लाल, अनिल द्विवेदी, युगल शर्मा और सुजल अग्रवाल ने उनके कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, गालियाँ दीं और गोली मारने तक की धमकी दी।
सपना चौधरी ने बताया कि यदि होटल मालिक करणदीप सिंह और पुलिस समय पर नहीं पहुँचते तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने बिलासपुर में अपने परिचितों से संपर्क किया, जिनकी सहायता से और होटल मालिक की गाड़ियों से सपना और उनकी टीम को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
होटल मालिक ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
इस घटना के बाद जश्न रिसॉर्ट के मालिक करणदीप सिंह ने भी चारों आरोपी कार्यक्रम आयोजकों – अमित नवरंगलाल, अनिल द्विवेदी, युगल शर्मा, और सुजल अग्रवाल के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि इन लोगों ने कार्यक्रम के लिए अधिक पैसे लेने का आरोप लगाते हुए सपना की टीम से मारपीट की, रिसॉर्ट में तोड़फोड़ की, सीसीटीवी का डीवीआर और 10,000 रुपये नकद लूट लिए। बताया गया है कि इस घटना में करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। करणदीप ने अपने भाई और अन्य स्टाफ के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया है।
दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज
दूसरी ओर, आरोपी अनिल द्विवेदी की शिकायत पर होटल संचालक और उनके भाई के खिलाफ भी मारपीट और लूट का मामला दर्ज किया गया है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने जानकारी दी कि पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। फिलहाल, घटना के बाद आयोजक फरार बताए जा रहे हैं।
















