छत्तीसगढ़

कोण्डागांव के धनोरा को 132.69 करोड़ की विकास सौगात : स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण के साथ ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ की हुई शुरुआत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कोण्डागांव जिले के दूरस्थ ग्राम धनोरा का दौरा कर क्षेत्र के विकास को नई गति दी। इस दौरान उन्होंने जिले में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत वाले कुल 49 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य वनांचल क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं मजबूत करना, स्थानीय किसानों की आय बढ़ाना और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य के अंतिम छोर पर बसे परिवारों तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पारंपरिक खेती, स्थानीय संसाधनों और ग्रामीण कौशल को सही मंच देकर ही आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का सपना साकार किया जा सकता है।

56 गांवों की सेहत का नया आधार बना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से तैयार नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी। इस नए अस्पताल से धनोरा और आसपास के 56 गांवों के करीब 56 हजार लोगों को अब अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज मिल सकेगा।

पहले ग्रामीणों को सामान्य जांच और आपातकालीन चिकित्सा के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ती थी, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।

अब गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को समय पर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो जाएंगी।

‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से वनांचल के किसानों को मिलेगा उचित दाम

स्थानीय कृषि उत्पादों को बड़ा बाजार दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड की लॉन्चिंग की। इस पहल से बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा गांव के लगभग 730 किसानों को सीधा फायदा होगा, जो लंबे समय से बिना रासायनिक खाद के पारंपरिक और जैविक तरीके से धान उगाते आ रहे हैं।
जिला प्रशासन के सहयोग से अब इन किसानों के धान की खरीद, ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर इसे प्रीमियम ब्रांड के रूप में बाजार में उतारा जाएगा। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिल सकेगा।

‘बिहान’ की महिलाएं संभालेंगी प्रोसेसिंग और मार्केटिंग की कमान

इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें ग्रामीण महिलाओं को भी भागीदार बनाया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी ‘उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी’ को धान के संग्रहण से लेकर गुणवत्ता जांच, पैकेजिंग और विपणन तक की पूरी जिम्मेदारी दी गई है। स्वसहायता समूह की महिलाओं की इस सक्रिय भूमिका से गांव में ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

पेन खण्डा मुदिया के दर्शन और पारंपरिक स्वागत

प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य देव ‘पेन खण्डा मुदिया’ के मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। कोनगुड़ परगना के 84 गांवों के लोगों की गहरी आस्था के केंद्र पेन खण्डा मुदिया को स्थानीय मान्यताओं में ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में पूजा जाता है। यहां की सेवा-अर्जी की परंपरा मरई परिवार और बारा बानी बिरादरी द्वारा निभाई जाती है।

धनोरा आगमन पर आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक साफा बांधकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की लोक संस्कृति और परंपराएं राज्य की अनमोल धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हम सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति:

इस मौके पर वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, बस्तर आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button