सरकार का संकल्प: बहनें, युवा, किसान और गरीब – सबकी भलाई : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

लाड़ली बहना योजना का वादा निभाएगी सरकार
भोपाल (एजेंसी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोहराया है कि राज्य सरकार बहनों, युवाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार भाईदूज के पावन पर्व पर लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों को 250 रुपये की अतिरिक्त राशि देने का अपना वादा पूरा कर रही है। इस वृद्धि के बाद, अब बहनों को इस योजना के तहत 1500 रुपये की राशि प्राप्त होगी। उन्होंने इस राशि को भगवान श्रीकृष्ण की बहन सुभद्रा के सम्मान की तरह लाड़ली बहनों को प्रदान करने की बात कही और सभी बहनों को भाईदूज की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज जैसे पर्व राज्य के नागरिकों के लिए सौगातों का अवसर बन रहे हैं। इसी क्रम में, किसानों को प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुई फसलों के मुआवजे के तौर पर 1800 करोड़ रुपये की राहत राशि जिलों में वितरित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और पीला मोजेक जैसी समस्याओं से प्रभावित हर क्षेत्र का सर्वे कराया गया और किसानों तक मदद पहुंचाई गई। इसके लिए जिलों में समुचित व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार अन्नदाता के संकट के समय पूरी तरह उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को ईदगाह हिल्स में गरीब बेटियों के साथ दीपावली मनाने के बाद टीवी चैनल प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे।
















