
मुंबई (एजेंसी)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बड़ा कमाल करते हुए इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप (ICC Women’s ODI World Cup) का खिताब अपने नाम किया है।
इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की बेटियों को दिल से बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन असाधारण रहा और यह जीत आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया ‘भविष्य के चैम्पियंस को प्रेरणा’
पीएम मोदी ने अपने बधाई संदेश में लिखा, ‘आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार विजय। फाइनल मुकाबले में बेहतरीन कौशल और भरपूर आत्मविश्वास का प्रदर्शन देखने को मिला। पूरी टीम ने अथक प्रयास और जुनून दिखाया। यह ऐतिहासिक जीत भविष्य के चैम्पियंस को प्रेरित करेगी। हमारी खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई।’
राष्ट्रपति मुर्मू ने भी दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व कप जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय बेटियों ने पहली बार यह खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। राष्ट्रपति ने ज़ोर दिया कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और आज अपनी प्रतिभा तथा ज़बरदस्त प्रदर्शन से देश को यह बड़ा सम्मान दिलाया है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
सचिन तेंदुलकर ने किया 1983 की जीत से तुलना
पूर्व भारतीय महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने इस जीत को बहुत ख़ास बताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘1983 की जीत ने एक पूरी पीढ़ी को बड़े सपने देखने की प्रेरणा दी थी। आज हमारी महिला क्रिकेट टीम ने कुछ ऐसा ही बेहद खास कर दिखाया है। उन्होंने देशभर की अनगिनत लड़कियों को बल्ला-गेंद उठाने, मैदान में उतरने और यह विश्वास रखने की ताकत दी है कि वे भी एक दिन यह ट्रॉफी उठा सकती हैं। यह भारतीय महिला क्रिकेट के सफ़र का एक ऐतिहासिक पल है।’
अन्य प्रमुख हस्तियों ने भी सराहा
गृह मंत्री अमित शाह ने टीम को सलाम करते हुए इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि टीम के कौशल ने लाखों लड़कियों को प्रेरित करने का रास्ता बनाया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे ‘ऐतिहासिक विजय’ बताते हुए टीम का हार्दिक अभिनंदन किया।
विराट कोहली ने कहा, ‘लड़कियों ने इतिहास रच दिया है और एक भारतीय होने के नाते मैं बेहद गर्व महसूस कर रहा हूं। वर्षों की मेहनत रंग लाई। हरमन और पूरी टीम को बधाई।’
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने इस रोमांचक फाइनल को 1983 और 2011 विश्व कप जीत की यादें ताज़ा करने वाला बताया।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘पूरा देश हमारी महिला टीम पर गर्व महसूस कर रहा है। आपने साबित कर दिया कि आप दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम हैं।’
फाइनल का रोमांच
डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में, भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के सामने 299 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने 87 और दीप्ति शर्मा ने 58 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर आउट हो गई और भारत ने 52 रनों से मुकाबला जीत लिया।
गेंदबाज़ी में, दीप्ति शर्मा ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके।
यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 52 साल के विश्व कप इतिहास में भारतीय महिला टीम तीसरी बार फाइनल में पहुँची थी और कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में इस बार यह ट्रॉफी भारत के नाम हुई।
















