दुबई एयरशो में भारत का स्वदेशी लड़ाकू विमान ‘तेजस’ दुर्घटनाग्रस्त, पायलट शहीद

दुबई/नई दिल्ली (एजेंसीस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में चल रहे दुबई एयरशो के दौरान, भारत का स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस अचानक दुर्घटना का शिकार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब फाइटर जेट्स की हवाई प्रदर्शन चल रही थी। भारतीय वायुसेना ने इस दुखद घटना की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के गठन की घोषणा की है।
प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध वीडियो फुटेज के मुताबिक, यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 2:10 बजे हुई। इस हादसे में विमान के पायलट की मृत्यु हो गई है। गौरतलब है कि दुबई एयर शो दुनिया के सबसे बड़े विमानन आयोजनों में से एक है, और इस सप्ताह इसमें कई बड़े और महत्वपूर्ण विमान सौदे भी हुए हैं।
तेजस से जुड़ी यह दूसरी बड़ी दुर्घटना
यह दुर्घटना पिछले दो वर्षों में तेजस विमान से जुड़ी दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले, मार्च 2024 में राजस्थान के जैसलमेर में भी तेजस दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। 2001 में अपनी पहली परीक्षण उड़ान के बाद, वह तेजस का पहला बड़ा हादसा था। हालांकि, उस पिछली घटना में पायलट विमान से सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा था।
तेजस विमान की विशिष्टता
तेजस विमान का विकास हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा किया गया है। यह एक सिंगल-सीट, लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है। तेजस एक 4.5-जनरेशन का मल्टी-रोल कॉम्बैट विमान है, जिसे मुख्य रूप से हवाई सुरक्षा (एयर-डिफेंस), हमला मिशन और नजदीकी हवाई लड़ाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए डिजाइन किया गया है। इसे इसके हल्के और छोटे डिजाइन के लिए भी जाना जाता है।
















