भारत की योग विद्या दुनिया को जीने का तरीका सिखा रही : राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा

गुरुग्राम (एजेंसी)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने गुरुग्राम पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि भारत की योग विद्या दुनिया को जीने का तरीका सिखा रही है। उन्होंने दुनिया भर में इसके प्रचार -प्रसार का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और योगाचार्यों को दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बरसात के बावजूद योगासन कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले लोगों और बच्चों की सराहना की। नड्डा के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मवीर सिंह ने भी योग किया।
जेपी नड्डा सुबह छह बजे प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के साथ बरसात के बीच गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल और फिर अमेरिका से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का योग दिवस पर लाइव उद्बोधन बड़ी स्क्रीन पर सुना। स्कूली बच्चों ने संगीतमयी योगसन कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इसके बाद सैकड़ों लोगों के साथ आधा घंटे तक जेपी नड्डा और ओपी धनखड़ ने योग किया।
पत्रकारों से बातचीत में नड्डा ने कहा कि योग हमारी संस्कृति और विद्या है। जो हमारे मन, शरीर, आत्मा और बुद्धि को जोड़ती है। योग ऐसी विद्या है, जो आज दुनिया को सुख, शांति से जीने का तरीका सिखा रही है। नड्डा ने कहा कि योग जीवन को सुखद और बैलेंस बनाता है। हमारी यह योग विद्या दुनिया को जीने का तरीका सिखा रही है।