स्वास्थ्य की दौड़ में भी नंबर वन बनेगा इंदौर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल (एजेंसी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह विश्वास व्यक्त किया है कि इंदौर शहर ने अपनी स्वच्छता और लजीज व्यंजनों के लिए जो विश्वव्यापी पहचान बनाई है, ‘वन इन्दौर-रन इन्दौर’ मैराथन उसे स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी एक विशेष मुकाम हासिल करने में मदद करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को सुबह 7 बजे “वन इन्दौर-रन इन्दौर” मैराथन के उद्घाटन के अवसर पर भोपाल स्थित अपने निवास से इंदौरवासियों को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने मैराथन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं दीं और दौड़ का शुभारंभ किया।
इंदौरवासियों का उत्साह और सामूहिक संकल्प सराहनीय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दौड़ स्वास्थ्य का मूल आधार है और इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति इंदौरवासियों की ऊर्जा, भावना और सामूहिक संकल्प शक्ति को दर्शाती है। यह शक्ति शहर के लिए कुछ बेहतर करने की उनकी इच्छा को जाहिर करती है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पहलों के परिणाम हमेशा बेहतरीन होते हैं, और यह मैराथन इंदौर को स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड स्थापित करने में सहायता करेगी।
फिटनेस को जन-आंदोलन बनाने की पहल
डॉ. यादव ने इस बात पर जोर दिया कि फिटनेस, सामुदायिक चेतना और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह भव्य ‘वन इन्दौर-रन इन्दौर’ मैराथन इंदौर शहर के लिए गर्व का विषय है। यह आयोजन यूनाइटेड इंदौर की भावना को और मजबूत करेगा, जिसका लक्ष्य है इंदौरवासियों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, सामुदायिक एकता को मजबूत करना और फिटनेस को एक जन-आंदोलन का रूप देना। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हो पाए, लेकिन इस संवेदनशील विषय पर आयोजित मैराथन में वह भावनात्मक रूप से शामिल हैं।
अब स्वास्थ्य में भी देश का नेतृत्व करेगा इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खुशी जाहिर की कि इस कार्यक्रम के लिए 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। 3, 5 और 7 किलोमीटर की श्रेणियों में दौड़ने के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति इंदौर की जागरूकता और उत्साह का सीधा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इंदौर की जनता हमेशा से सकारात्मक पहल में अग्रणी रही है। यह कार्यक्रम शहर की ऊर्जा, उमंग और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता को नई दिशा देगा।
उन्होंने सामूहिक संकल्प दोहराते हुए कहा कि स्वच्छता में देश का निरंतर नेतृत्व करने वाला हमारा इंदौर, अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी देश में नंबर 1 बने। ‘वन इन्दौर-रन इन्दौर’ इसी दिशा में एक सशक्त पहल है, जो इंदौरवासियों में फिटनेस के उत्साह को बढ़ाएगी और स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश पूरे प्रदेश में प्रसारित करेगी।
खेल प्रोत्साहन और स्वास्थ्य गतिविधियाँ
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ प्रदेशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी निरंतर गतिविधियां चला रही है। युवाओं के बेहतर स्वास्थ्य के आधार—खेल—को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसका परिणाम यह है कि अब प्रत्येक अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता से प्रदेश के खिलाड़ी पदक लेकर लौट रहे हैं। उन्होंने हाल ही का उदाहरण देते हुए कहा कि सुश्री क्रांति गौड़ ने महिला वर्ल्ड कप में अपनी प्रतिभा स्थापित की, और राज्य सरकार ने प्रोत्साहन स्वरूप उन्हें एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान की।
इंदौर में इस कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री रमेश मैंदोला, श्री मधु वर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा वर्ग उपस्थित रहा।
















