देश-विदेश

सुरक्षा और सम्मान पर कोई समझौता नहीं करेगा सरदार पटेल का भारत : पीएम मोदी

नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में एक कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह लौहपुरुष सरदार पटेल का भारत है, जो अपनी सुरक्षा और सम्मान के साथ कभी कोई समझौता नहीं करेगा।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर को गर्व और प्रेरणा का पल बताया। उन्होंने देश की एकता को और अधिक मजबूत करने वाले कार्यों को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को दोहराया।

पीएम मोदी ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के इस ऐतिहासिक क्षण पर हम सभी एकता नगर में एक भव्य कार्यक्रम के साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने पूरे देश में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में करोड़ों भारतीयों के उत्साह की सराहना की और इसे नए भारत की संकल्प शक्ति का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती का दिन अब स्वाभाविक रूप से राष्ट्रीय एकता का महापर्व बन गया है। जैसे 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है, वैसे ही ‘एकता दिवस’ का महत्व भी देशवासियों के लिए प्रेरणा और गर्व का एक बड़ा क्षण है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल के विचार को याद किया, जिसमें वे इतिहास लिखने के बजाय इतिहास बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने में विश्वास रखते थे। उन्होंने कहा कि सरदार साहब की नीतियों और फैसलों ने नया इतिहास रचा। आजादी के बाद 562 रियासतों को एक साथ जोड़ना एक असंभव कार्य था, जिसे सरदार साहब ने संभव कर दिखाया। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का विचार उनके लिए सर्वोच्च था।

अंत में, प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से आग्रह किया कि वे हर ऐसी चीज़ से दूर रहें जो देश की एकता को कमजोर करती है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय कर्तव्य है और सरदार साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यही आज देश की आवश्यकता है, और यही ‘एकता दिवस’ का हर भारतीय के लिए संदेश और संकल्प है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button