छत्तीसगढ़

जशपुर में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप बरामद : 3 करोड़ के माल के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

जशपुर। नशे के अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹2.60 करोड़ आंकी गई है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ₹40 लाख मूल्य की तीन गाड़ियां भी कब्जे में ली गई हैं। मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

सब्जी की आड़ में हो रही थी तस्करी

27 अगस्त की तड़के कुनकुरी पुलिस ने गश्त के दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रही एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप को रोका। जांच करने पर वाहन में रखी सब्जी की क्रेट्स के नीचे छिपाई गई छह बोरियां मिलीं। इनमें से 246 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से बिहार निवासी अनवर अंसारी (45) और दिनेश कुमार केसरी (26) को धर दबोचा।

इसी दौरान, पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रही एक अनियंत्रित सेल्टोस कार का पीछा किया गया। चालक गाड़ी छोड़कर अंधेरे में भागने में सफल रहा, लेकिन कार की तलाशी लेने पर उसमें से 248 किलो गांजा और मिला। कुनकुरी क्षेत्र से कुल 494 किलो मादक पदार्थ जब्त किया गया है।

चेकिंग के दौरान नारायणपुर में 26 किलो गांजा पकड़ाया

एक अन्य मामले में, सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर नारायणपुर पुलिस ने नाकेबंदी कर एक स्विफ्ट डिजायर कार (MP-33C-5625) को जांच के लिए रोका। डिक्की की तलाशी लेने पर 17 पैकेटों में भरा 26 किलो गांजा बरामद हुआ। कार में सवार मध्य प्रदेश (शिवपुरी) के रहने वाले कमल किशोर ओझा (56) और अनिता सोनी (35) को गिरफ्तार कर लिया गया।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश जुड़ा है नेटवर्क

प्राथमिक पूछताछ से खुलासा हुआ है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने की योजना थी। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना और रिसीवर की तलाश में जुट गई है। पकड़े गए सभी अभियुक्तों पर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button