जशपुर में ‘जशपुर एक्सप्रेस’ योजना का आगाज : सीएम साय ने 50 महिलाओं को ई-रिक्शा सौंपकर दी स्वावलंबन की सौगात

जशपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बगिया स्थित कैम्प कार्यालय से ‘जशपुर एक्सप्रेस’ योजना की शुरुआत की। महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल के तहत मुख्यमंत्री ने जिले की 50 स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ई-रिक्शा की चाबियां सौंपी।
कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूह की बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनका आभार जताया। सीएम साय ने भी सभी बहनों को त्यौहार की बधाई देते हुए उपहारस्वरूप साड़ी व मिठाइयां प्रदान कीं।
स्वावलंबन से मजबूत होगी परिवार की नींव
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से सक्षम होना एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-रिक्शा केवल एक वाहन नहीं, बल्कि बहनों के लिए सम्मानजनक रोजगार और स्थिर आय का माध्यम है।
उन्होंने पूर्व के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले वर्ष 14 महिलाओं को ई-रिक्शा दिए गए थे, जबकि रायपुर में दिए गए 92 ई-रिक्शा के माध्यम से महिलाएं हर महीने लगभग 15,000 रुपये तक कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना जैसी सुविधाओं का उपयोग कर महिलाएं किराना, सब्जी व्यवसाय और अब परिवहन जैसे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना रही हैं।
3 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन
ई-रिक्शा वितरण के अलावा मुख्यमंत्री ने बगिया क्षेत्र के लिए बुनियादी ढांचे से जुड़े विकास कार्यों की भी घोषणा की। उन्होंने लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विश्राम गृह और यादव मोहल्ले तक निर्मित होने वाली सीसी सड़क का भूमिपूजन किया। सीएम ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बेहतर सड़कें और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और स्व-सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।
















