सीएम हाउस के बाहर एक व्यक्ति ने काटा हंगामा, कई वाहनों के तोड़े शीशे

रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मुख्यमंत्री निवास के बाहर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिरफिरे व्यक्ति ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने सड़क पर खड़ी कई गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिससे वहां कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस ने लिया हिरासत में, एंबुलेंस के कांच टूटे
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे व्यक्ति को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान इलाके में गोली चलने की अफवाह भी फैली थी, जिसे थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवांगन ने सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि फायरिंग का कोई भी सबूत नहीं मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस उपद्रव में डायल 112 की एक एंबुलेंस के कांच भी टूटे हैं।
मानसिक स्थिति की हो रही जांच
पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके मानसिक स्वास्थ्य का आकलन करने के लिए मेडिकल जांच कराई जा रही है। इसके अलावा, घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
















