छत्तीसगढ़

कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ शपथ ग्रहण, मुख्यमंत्री साय ने दी 1.55 करोड़ की सौगात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण व पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति उसकी आने वाली पीढ़ी को मिलने वाली शिक्षा, संस्कार और अवसरों पर निर्भर करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे और हर प्रतिभा को आगे बढ़ने का पूरा मौका मिले, यह पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि शिक्षा केवल सरकारी नौकरी हासिल करने का माध्यम नहीं है। एक सफल व्यापारी, उद्योगपति, समाजसेवी या जनप्रतिनिधि बनने के लिए भी बेहतर शिक्षा बेहद जरूरी है, क्योंकि यह सही निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है।

सामाजिक एकजुटता और समृद्ध इतिहास

कंवर समाज के इतिहास को अनुकरणीय बताते हुए मुख्यमंत्री ने संत गहिरा गुरु जैसे महापुरुषों के दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने निर्विरोध और सर्वसम्मति से हुए निर्वाचन की सराहना करते हुए इसे संगठन की मजबूती का प्रतीक बताया।

विकास कार्यों के लिए 1.55 करोड़ रुपये का आवंटन

सामाजिक अधोसंरचना को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री ने विभिन्न भवनों के निर्माण और जीर्णोद्धार हेतु 1.55 करोड़ रुपये से अधिक की राशि देने की घोषणा की:

रायपुर (लाभांडी): निर्माणाधीन कंवर भवन हेतु ₹70 लाख

राजनांदगांव (छुरिया): कंवर समाज भवन हेतु ₹25 लाख

महासमुंद (झलप): सामाजिक भवन निर्माण व जीर्णोद्धार हेतु ₹20 लाख

कंवर पैंकरा समाज सर्कल (तमोरा): सामुदायिक शेड हेतु ₹10 लाख

ग्राम खैरझिटी (महासमुंद): कंवर समाज भवन हेतु ₹10 लाख

ग्राम नरतोरा (महासमुंद): सामाजिक भवन हेतु ₹10 लाख

गरियाबंद (ग्राम जोजरा): कंवर समाज भवन हेतु ₹10 लाख

पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान लाभांडी स्थित निर्माणाधीन भवन परिसर में मुख्यमंत्री साय ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिंदूर का पौधा लगाया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।

पूर्व राज्यसभा सांसद नंदकुमार साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश की 42 जनजातियों का छत्तीसगढ़ के विकास में अहम योगदान है। वहीं, कंवर समाज विकास समिति के अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज के नव-निर्माण के लिए तत्परता से कार्य करने का संकल्प दिलाया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button