मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया असम के वन्य जीव कन्वेंशन सेंटर का अवलोकन

भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को असम राज्य के कोहोरा स्थित वन्य जीव कन्वेंशन सेंटर का दौरा किया। उन्होंने सेंटर में वन्य जीवों के संरक्षण और उनकी प्रजातियों के संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि “वन्य जीव हमारी अनमोल विरासत हैं और ये पृथ्वी की समृद्धि का प्रतीक हैं। मध्य प्रदेश में भी वन्य जीव संरक्षण की दिशा में लगातार नए-नए प्रयोग और प्रयास किए जा रहे हैं।”
गैंडा संरक्षण और वैज्ञानिक पहल की सराहना
यह कन्वेंशन सेंटर सह-संग्रहालय (कन्वेंशन सेंटर कम म्यूजियम) न केवल अपने संरक्षण प्रयासों के लिए जाना जाता है, बल्कि अवैध शिकार और वन्यजीवों के अवैध व्यापार पर रोक लगाने के लिए उठाए गए सख्त कदमों के कारण भी इसकी विशेष पहचान है।
22 सितंबर 2021 को ‘विश्व गैंडा दिवस’ के मौके पर यहां राज्य भर से जब्त किए गए 2,479 गैंडों के सींगों को सार्वजनिक रूप से नष्ट (दहन) किया गया था। असम सरकार का यह कदम वन्यजीव संरक्षण के प्रति उसकी मज़बूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इन सींगों को नष्ट करने से पहले, वैज्ञानिक अध्ययन के लिए सावधानीपूर्वक चुनिंदा नमूनों को सुरक्षित रखा गया था।
जुलाई 2025 तक, इन नमूनों की संख्या बढ़कर 2,573 हो गई, जिन्हें डीएनए प्रोफाइलिंग के लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) भेजा गया था।
सेंटर में की गई यह वैज्ञानिक पहल बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह जब्त किए गए सींगों की उत्पत्ति का पता लगाने, उनकी सत्यता की पुष्टि करने और वन्यजीव अपराधों के खिलाफ फोरेंसिक जांच को मज़बूती देने में सहायक है। यह वैज्ञानिक और पारदर्शी दृष्टिकोण गैंडा प्रजाति के प्रभावी संरक्षण के लिए एक सशक्त नैतिक आधार (Ethical Basis) भी प्रदान करता है।
















