प्रदेश को ‘डायमंड स्टेट’ और ‘टाइगर स्टेट’ बनाने का श्रेय पन्ना को : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल (एजेंसी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पन्ना की रत्नगर्भा धरती किसी परिचय की मोहताज नहीं है। पन्ना ने न केवल अपना बल्कि मध्यप्रदेश का भी गौरव बढ़ाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन दिनों हर जगह अपना पन्ना ही चमक रहा है। पन्ना की पवित्र भूमि से निकलने वाला हीरा (पारस) मध्यप्रदेश को विश्व भर में प्रसिद्ध कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को ‘डायमंड स्टेट’ और ‘टाइगर स्टेट’ का महत्वपूर्ण दर्जा दिलाने का श्रेय पन्ना जिले को ही जाता है। उन्होंने पन्ना डायमंड को जीआई टैग मिलने पर जिलेवासियों को बधाई दी और कहा कि इस टैग ने पन्ना की पहचान को वैश्विक मान्यता प्रदान कर दी है। अब पूरी दुनिया यहाँ के हीरों को ‘पन्ना डायमंड’ के नाम से जानेगी।
निवेश के नए अवसर और औद्योगिक विकास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि ‘पन्ना डायमंड’ अब एक ब्रांड के रूप में उभर रहा है। इससे अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पहचान बढ़ने के साथ ही वैल्यू-चेन, माइनिंग, प्रोसेसिंग, एक्सपोर्ट और जेम-आधारित उद्योगों में निवेश के नए अवसर खुलेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पन्ना जिले को जल्द ही मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी।
पन्ना और छतरपुर के बीच भव्य राजगढ़ पैलेस होटल का भी बुधवार को शुभारंभ किया गया है।
राज्य सरकार पन्ना के विकास को नई गति देने के लिए 15 करोड़ की लागत से डायमंड बिजनेस पार्क तैयार कर रही है, जो जिले की अर्थव्यवस्था में एक नया अध्याय जोड़ेगा।
बड़ागांव में 40 हेक्टेयर क्षेत्र में औद्योगिक पार्क का विकास लगभग पूरा हो चुका है।
वर्षों से बंद पड़ी एनएमडीसी परियोजना को फिर से शुरू कराया गया है, जिससे बड़े पैमाने पर हीरों का खनन दोबारा शुरू हो चुका है।
83 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को पन्ना जिले की पवई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शाहनगर में हितग्राही सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहाँ करीब 83 करोड़ रूपए की लागत वाले 14 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इसमें 9 करोड़ रूपए की लागत से बनी बिसानी-श्यामगिरी-कल्दा-सलेहा वाया मैन्हा मार्ग के उन्नयन कार्य का लोकार्पण शामिल है।
साथ ही 74 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इसके तहत मुख्यमंत्री ने 4.25 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले पवई में तिघरा बैराज का भी भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन के साथ सम्मेलन की शुरुआत की और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएँ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की माँग पर निम्नलिखित महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं:
रैपुरा में नवीन महाविद्यालय खोला जाएगा।
वर्तमान ग्राम पंचायत शाहनगर को नगर परिषद बनाया जाएगा।
शाहनगर ब्लॉक में दो अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र खोले जाएंगे।
लगभग 135 करोड़ की लागत से टिकरिया-रीठी वाया खमरिया मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
शाहनगर-बोरी-चमरईया सड़क मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
पुराने बांधों की नहरों का सर्वे कराकर मरम्मत और जीर्णोद्धार का काम कराया जाएगा।
पवई और शाहनगर महाविद्यालयों में विधि और विज्ञान संकाय भी शुरू किए जाएंगे।
शाहनगर के बंद उद्योगों को फिर से शुरू कराया जाएगा।
केन-बेतवा लिंक और पर्यटन से जिले का नया स्वरूप
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले समय में केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना जिले के विकास को एक नई दिशा देगी।
इस परियोजना से जिले में 1 लाख 35 हज़ार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।
600 से अधिक गांवों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
पवई को भी इसका भरपूर लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पन्ना टाइगर रिज़र्व वाइल्ड लाइफ टूरिज्म के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।
बाघों की बढ़ती संख्या और पार्क की प्रतिष्ठा से स्थानीय युवाओं के लिए गाईडिंग, होटल-रिसॉर्ट, ट्रांसपोर्ट और हैंडीक्राफ्ट जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।
सरकार द्वारा होम-स्टे, एडवेंचर टूरिज्म और कनेक्टिविटी सुधारने के प्रयासों से क्षेत्र के विकास को गति मिल रही है।
महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि महिला सशक्तिकरण में पन्ना पूरे प्रदेश में अग्रणी है।
यहाँ 10 हज़ार 301 स्व-सहायता समूहों की 1 लाख से अधिक महिलाओं को 180 करोड़ रुपए से अधिक का बैंक लिंकेज मिला है।
इनमें से लगभग 18 हज़ार महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं, जो समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपए की राशि भेजी जा रही है।
पन्ना जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए करीब 25 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है और निवेशक के साथ एमओयू भी हो चुका है।
जल जीवन मिशन के तहत पवई बांध ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना द्वारा 158 ग्रामों में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, पवई विधायक श्री प्रह्लाद सिंह लोधी, श्री प्रणय प्रभात पाण्डेय, श्री नीलांशु चतुर्वेदी, श्री सिद्धार्थ तिवारी, श्री संदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पन्ना श्रीमती मीना राजे परमार, नगर परिषद पवई के अध्यक्ष श्री बसंत दहायत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, लाड़ली बहनें और ग्रामीणजन उपस्थित थे।
















