छत्तीसगढ़ में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत : सीएम साय ने अभिभावकों से की ‘सुरक्षा की दो बूंद’ पिलाने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत राज्य की जनता, खासकर माता-पिता से बच्चों की सेहत को लेकर एक महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने आग्रह किया है कि नवजात से लेकर 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाई जाए, ताकि वे इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकें।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सजगता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों के आने वाले कल को सुरक्षित बनाने के लिए हमारा एक छोटा सा कदम भी बहुत मायने रखता है। उन्होंने पोलियो की खुराक को सिर्फ एक दवा नहीं, बल्कि बच्चों को एक सेहतमंद, सुरक्षित और उज्ज्वल कल देने की हमारी प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया।
श्री साय ने रेखांकित किया कि देश को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प को मजबूत करने के लिए समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से न केवल अपने बच्चों को दवा पिलाने को कहा, बल्कि आसपास के किसी भी बच्चे को इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहने देने की जिम्मेदारी उठाने की भी बात कही।
















