मनोरंजन

पंजाबी संगीत जगत को झटका : सड़क हादसे के बाद गायक राजवीर जवंदा का निधन

चंडीगढ़ (एजेंसी)। जाने-माने पंजाबी गायक और अभिनेता राजवीर जवंदा का इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया है। बुधवार, 8 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 10:55 बजे उन्होंने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले कई दिनों से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे।

राजवीर जवंदा 27 सितंबर को पिंजौर (पंचकूला) के पास एक बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह दुर्घटना पिंजौर-नालागढ़ रोड पर सेक्टर-30 टी पॉइंट के पास हुई, जब गायक की बीएमडब्ल्यू बाइक अचानक सांडों की लड़ाई के कारण अनियंत्रित हो गई। बद्दी से पिंजौर आ रहे राजवीर जवंदा सांडों के आगे आने पर अपनी बाइक संभाल नहीं पाए और हाईवे पर गिर गए। इस हादसे में उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद से ही वह वेंटिलेटर पर थे।

उनका अंतिम संस्कार अगले दिन जगरांव में किया जाएगा।

राजवीर जवंदा का करियर: गीतों और अभिनय से बनाई पहचान

राजवीर जवंदा ने 2014 में ‘मुंडा लाइक मी’ एल्बम से अपने करियर की शुरुआत की। उन्हें 2016 में ‘कली जवंदे दी’ गाने से बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उनके ‘मुकाबला’ और ‘कंगणी’ (2017) जैसे गाने काफी हिट हुए। उन्होंने ‘पटियाला शाही पग’, ‘केसरी झंडे’, ‘लैंडलॉर्ड’, ‘सरनेम’ जैसे कई सुपरहिट गीत दिए।

संगीत के साथ-साथ राजवीर ने अभिनय में भी हाथ आजमाया। उन्होंने 2018 में पंजाबी फिल्म ‘सूबेदार जोगिंदर सिंह’ से फिल्मी दुनिया में कदम रखा। इसके अलावा, उन्होंने ‘काका जी’, ‘जिंद जान’, ‘मिंदो तहसीलदारनी’, ‘सिकंदर 2’ जैसी फिल्मों में भी काम किया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया शोक

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राजवीर जवंदा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान हुई राजवीर जवंदा की मृत्यु की खबर सुनकर बहुत पीड़ा हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाबी संगीत जगत का एक सितारा हमेशा के लिए अलोप हो गया है।

सीएम मान ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “छोटी उम्र में अपने गीतों के माध्यम से लोगों के दिलों पर राज करने वाले राजवीर जवंदा की आवाज हमेशा गूंजती रहेगी। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में निवास दें और परिवार तथा प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button