शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने 3 दिवसीय दौरे पर पहुंचे स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव बस्तर संभाग के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे बस्तर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा का दौरा कर आवासीय स्कूलों की जमीनी स्थिति और शैक्षणिक माहौल का जायजा लेंगे। दौरे की शुरुआत में उन्होंने बीजापुर पहुंचकर आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और बास्तानार स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में शिक्षकों व छात्राओं से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली।
सुविधाओं में सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा: मंत्री ने स्पष्ट किया कि आवासीय परिसरों में पढ़ाई के साथ-साथ बेहतर आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
ड्रॉपआउट दर में कमी: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं के स्कूल छोड़ने के कारणों पर चर्चा की गई। मंत्री ने ड्रॉपआउट रोकने और बालिकाओं को लगातार शिक्षा से जोड़े रखने के निर्देश दिए।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस विद्यालयों का निरीक्षण: पोर्टा केबिन में चल रहे परिसरों के भवन निर्माण, बजट आबंटन, रिक्त पदों और छात्रों की संख्या में आ रही कमी की समीक्षा की गई।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: छात्राओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, शिकायत पेटी, महिला गार्ड और होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
बंद पड़े स्कूलों को दोबारा खोलना: नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होने के बाद बंद हुए स्कूलों को फिर से शुरू करने और आवश्यकतानुसार नए स्कूल खोलने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
वित्तीय समीक्षा: SNA स्पर्श के तहत खातों की स्थिति और आबंटित बजट के पारदर्शी व उचित उपयोग की समीक्षा की गई।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और बस्तर के बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए सभी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया है।
















