छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ‘जनदर्शन’ में दिखी संवेदनशीलता : जरूरतमंदों को मिली तत्काल आर्थिक मदद, इलाज और पढ़ाई का भी मिला भरोसा

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों से आए नागरिकों से सीधा संवाद किया। आम जनता की पीड़ा को बेहद आत्मीयता और गंभीरता से सुनते हुए मुख्यमंत्री ने कई मामलों में मौके पर ही राहत प्रदान की। आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित मरीजों के लिए उन्होंने तत्काल चिकित्सा व्यवस्था करने और जरूरतमंदों को तुरंत आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

तीन दशक बाद 83 वर्षीय बुजुर्ग ने सुनी साफ आवाज

कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड (ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार) से अपने बेटे के साथ आए 83 वर्षीय श्री परसराम राठौर पिछले तीन दशकों से श्रवण शक्ति कमजोर होने की समस्या से परेशान थे। मुख्यमंत्री ने उनकी रोजमर्रा की कठिनाइयों को समझते हुए उन्हें मौके पर ही श्रवण यंत्र (हियरिंग एड) भेंट किया, जिससे वे 30 साल बाद स्पष्ट रूप से सुन सके। संवाद के दौरान श्री राठौर की कमजोर दृष्टि का पता चलने पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को उनकी आंखों की जांच कर निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसी क्रम में भाटापारा निवासी श्री बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।

पिता के इलाज में बिका सब कुछ, अब फरहीन की पढ़ाई का जिम्मा उठाएगी सरकार

जशपुर से अपनी माता के साथ पहुंची सुश्री फरहीन ने परिवार पर टूटे आर्थिक संकट की व्यथा मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से कैंसर से जूझ रहे उनके पिता के लंबे उपचार में परिवार की सारी जमा-पूंजी समाप्त हो गई और अंततः वर्ष 2025 में उनका निधन हो गया। हालात इतने विकट हो गए कि घर गिरवी रखने की नौबत आ गई, जिससे फरहीन की आगे की शिक्षा पर संकट मंडराने लगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया और शिक्षा के लिए हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

नन्हे पार्थ और छयांश को मिलेगा नया जीवन, इलाज के निर्देश जारी
जनदर्शन में मासूम बच्चों के उपचार के लिए भी संवेदनशील फैसले लिए गए:

पार्थ का होगा मोतियाबिंद ऑपरेशन: राजनांदगांव से आईं श्रीमती पूर्णिमा साहू ने बताया कि समय से पूर्व जन्म (प्री-मेच्योर) के कारण उनके तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को दो महीने अस्पताल में रहना पड़ा था। शारीरिक कमजोरी के साथ-साथ अब चिकित्सकों ने उसे मोतियाबिंद बताया है, जिसके लेंस प्रत्यारोपण का खर्च लाखों में है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पार्थ के संपूर्ण और बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

छयांश के पैरों की होगी सर्जरी: रायपुर के आमानाका (कुकुरबेड़ा) निवासी श्री अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां श्रीमती हिरकना बाई के साथ छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन की गुहार लेकर पहुंचे थे। पत्नी के निधन के बाद अपनी मां और बहन के सहारे बच्चों को पाल रहे अमित ने बताया कि जन्मजात समस्या के कारण बड़े बेटे का ऑपरेशन तो जैसे-तैसे करवा लिया, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते छोटे बेटे छयांश का इलाज रुका हुआ है। मुख्यमंत्री ने परिवार की विषम परिस्थितियों को देखते हुए छयांश की तत्काल सर्जरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रशासनिक अमले को सख्त हिदायत दी कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर पूरी संवेदनशीलता और त्वरित गति से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे किसी भी पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति को अपने जायज काम के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button