नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों की अहम भेंट, आपसी सहयोग पर हुई चर्चा

रायपुर। तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी ने आज छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से भेंट की। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश आगमन पर श्री रेड्डी का गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया।
मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। साथ ही, दोनों प्रदेशों के बीच निरंतर संवाद और परस्पर सहयोग को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।
इस भेंट के दौरान दोनों राज्यों के जनप्रतिनिधि और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें तेलंगाना के जल संसाधन मंत्री श्री एन. रेड्डी, छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, और छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी शामिल थे। प्रशासनिक स्तर पर छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकास शील, तेलंगाना के मुख्य सचिव श्री संजय जाजू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव श्री राहुल भगत और छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग के सचिव श्री राजेश सुकुमार टोप्पो सहित तेलंगाना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
















