देश-विदेश

सपा प्रमुख ने की झूठे एग्जिट पोल की निंदा

नई दिल्ली (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बाद जारी किए गए लगभग सभी सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) को सत्ता पक्ष द्वारा प्रायोजित झूठा सर्वे करार दिया है। उन्होंने बदलाव के लिए ऐतिहासिक मतदान करने हेतु मतदाताओं को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में जल्द ही प्रगतिशील और रोजगार सृजन करने वाली महागठबंधन की सरकार बनेगी।

उन्होंने महागठबंधन के सभी उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मतगणना प्रक्रिया के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) रखे गए स्थानों पर नजर रखने और चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखने की सलाह दी।

यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “बदलाव के लिए ऐतिहासिक वोटिंग करने के लिए बिहार के हर मतदाता को बधाई और नई, प्रगतिशील, नौकरी देने वाली महागठबंधन सरकार बनने के लिए अग्रिम बधाई!”

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष द्वारा पहले से तैयार किए गए कुछ झूठे एग्जिट पोल लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जिनका दाना, उनका गाना” के कारण जानबूझकर एग्जिट पोल के जरिए भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने चैनलों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब चुनाव आयोग मतदान के कई दिनों तक वोटों का आंकड़ा नहीं दे पाता है, तो ये चैनल कैसे एक घंटे में सब बता देते हैं? इनके झूठ के ग्राफ़िक्स कई दिनों पहले से तैयार हो जाते हैं। जहां से भोजन-पानी का इंतजाम होता है, ये झूठे चैनल उसी की पंगत में जा बैठते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “जिनको लगता है कि ये एग्जिट पोल सही हैं, वे उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल देख लें, जहां बड़े-बड़े भाजपाई सूरमाओं की हार हुई और फेक एग्जिट पोलों की भी।”

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने एग्जिट पोल के माध्यम से भाजपा नीत गठबंधन को बढ़त दिखाकर गड़बड़ी का रास्ता खोलने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने महागठबंधन के सभी लोगों से अपील की, “आप सब पूरी तरह चौकन्ने रहें और किसी भी घपले-घोटाले को होने से रोकें। जहां मशीनें रखी हैं, वहां चौकसी करें और चौबीसों घंटे निगरानी रखें। महागठबंधन जीत रहा है, इसीलिए जीत का सर्टिफिकेट लिए बिना चैन की सांस न लें।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “याद रखें: हमने अवध में हराया था, आप मगध में हरा रहे हैं। विजय का सूत्र : जब तक जीत का प्रमाण नहीं, तब तक विश्राम नहीं।”

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत मंगलवार को हुए मतदान के बाद विभिन्न एजेंसियों द्वारा जारी ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनने का दावा किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button