छत्तीसगढ़

विकसित भारत के निर्माण में विद्यार्थियों का योगदान अहम : मंत्री लखन लाल देवांगन

रायपुर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत कोरबा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुर (पीडब्ल्यूडी) में एक नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा आबकारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में देश की युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर ही देश और प्रदेश की उन्नति में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस एक माह के दौरान स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों से आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ दिया जा रहा है।

विद्यालयों में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें विकसित भारत के सपने से जोड़ने के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’, चित्रकला, भाषण और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। मंत्री ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों की सुंदर प्रस्तुति देने वाले छात्रों की सराहना की।

अधोसंरचना विकास पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास (DMF) व अन्य मदों के माध्यम से सड़कों, पुलों, स्कूलों, आंगनबाड़ियों, अस्पतालों और छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है। रामपुर स्कूल में एक नए भव्य भवन के निर्माण का प्रस्ताव भी डीएमएफ मद से स्वीकृत किया गया है। अंत में उन्होंने प्रतियोगिता के प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button