रायगढ़ के कयाघाट पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की छठ पूजा, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री ओपी चौधरी ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रायगढ़ के जूटमिल क्षेत्र स्थित कयाघाट पहुंचकर संध्या अर्घ्य में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने व्रत रखने वाली माताओं और बहनों के साथ-साथ समस्त प्रदेशवासियों को इस पावन पर्व की आत्मीय शुभकामनाएं दीं और भगवान सूर्यदेव व छठी मइया से सभी के आरोग्य, सुख और समृद्धि की प्रार्थना की।
इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि छठ का यह पर्व हमारी प्राचीन लोक परंपरा, गहरी सांस्कृतिक आस्था और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अनूठा माध्यम है। सूर्य उपासना का यह अनुष्ठान हमें जीवन में संयम, अनुशासन और समर्पण का संदेश देता है। डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा मानव और प्रकृति के अटूट रिश्ते को उजागर करती है।
उन्होंने आगे कहा कि कठिन व्रतों के माध्यम से माताएं और बहनें अपने परिवार की खुशहाली, संतान के उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं। यह पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने के साथ-साथ स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण का भी बड़ा संदेश देता है। वित्त मंत्री ने कयाघाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सामूहिक आराधना को सामाजिक एकता का एक सुंदर उदाहरण बताया।
















