रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पुलिस का बड़ा प्रहार : 17 लाख नकद बरामद, 4 सटोरिये गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी की पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तिरंगा चौक (फेस-2) इलाके में छापेमारी कर एक सक्रिय गिरोह को दबोचा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 17 लाख रुपये नगद सहित लगभग 19.70 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
कैसे हुआ गिरोह का खुलासा?
पुलिस को सूचना मिली थी कि कबीर नगर क्षेत्र में कुछ लोग बड़े पैमाने पर क्रिकेट और अन्य खेलों पर ऑनलाइन दांव लगवा रहे हैं। पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (वेस्ट) संदीप पटेल के मार्गदर्शन में टीम ने 11 फरवरी को संदिग्ध स्थान पर दबिश दी। घेराबंदी के दौरान मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
दीपक सचदेवा
गौरव सचदेवा
ऋषभ रंगलानी
ओम खेमानी
वेबसाइट्स और ‘म्यूल’ खातों का खेल
पूछताछ में यह बात सामने आई कि ये आरोपी ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी पोर्टल्स के माध्यम से मास्टर आईडी चलाते थे। ये लोग दूसरों को कमीशन पर आईडी बांटते थे और अवैध मुनाफा कमाते थे।
हैरानी की बात यह है कि पैसों के लेन-देन के लिए ये ‘म्यूल अकाउंट्स’ (किराए के बैंक खातों) का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस अब उन खाताधारकों की तलाश कर रही है जिन्होंने पैसों के लालच में अपने बैंक विवरण इन सटोरियों को दिए थे।
पुरानी हिस्ट्री: गिरफ्तार आरोपियों में से ओम खेमानी और दीपक सचदेवा पुराने अपराधी हैं, जो पहले भी सट्टेबाजी के मामलों में जेल की हवा खा चुके हैं।
















