छत्तीसगढ़

चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, मुख्यमंत्री साय ने किया सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपना नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा लिया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चेंबर अध्यक्ष अमर पारवानी और उनकी टीम को स्मृतिचिन्ह और मेडल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधानसभा विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।

चेंबर अध्यक्ष अमर पारवानी के नेतृत्व में चेंबर ने अपने वर्तमान कार्यकाल में 11,200 से अधिक सदस्यों को जोड़ा है, जिसके परिणामस्वरूप यह रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। पारवानी ने इस सम्मान को प्रदेश के 12 लाख व्यापारियों को समर्पित करते हुए कहा, “यह दिन हम सबके लिए गर्व का है। चेंबर का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल होना प्रदेश के व्यापारियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।”

पारवानी ने कहा कि किसी व्यापारिक संगठन द्वारा इस तरह का कृतिमान स्थापित करना अत्यंत कठिन है, लेकिन छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इसे संभव कर दिखाया है। चेंबर के 64 साल के इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर सदस्यता हासिल की गई है, जिससे चेंबर और उसके नेतृत्व पर व्यापारियों का गहरा विश्वास प्रदर्शित होता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए चेंबर अध्यक्ष अमर पारवानी और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा, “यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाती है। चेंबर की महती भूमिका को रेखांकित करते हुए, उन्होंने कहा कि चेंबर शासन और व्यापारियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है।”

इस समारोह में चेंबर के कई प्रमुख सदस्य और सलाहकार, जिनमें सुरिंदर सिंह, जितेंद्र दोशी, परमानंद जैन, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, विक्रम सिंहदेव, राम मंधान, मनमोहन अग्रवाल, कपिल दोशी, और कई अन्य सदस्य शामिल थे, ने भी इस ऐतिहासिक दिन पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

चेंबर की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के व्यापारिक समुदाय के लिए न केवल गर्व का विषय है, बल्कि यह दर्शाती है कि राज्य में व्यापारिक संगठन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कितनी मजबूत पहचान बना सकते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button