छत्तीसगढ़

अन्नदाताओं से किया गया एक बड़ा वादा आज पूरा : बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि अन्नदाताओं से किया गया एक बड़ा वादा आज पूरा हो रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मोदी की गारंटी का तीसरा वादा भी पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा सुशासन दिवस के मौके पर अभनपुर विकासखण्ड के ग्राम बेन्द्री में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किसानों को दो साल के बकाया धान के बोनस राशि 3716 करोड़ रूपए का अंतरण सीधे किसानों के बैंक खातों में किया गया है। मंत्री अग्रवाल सोमवार को सुशासन दिवस के मौके पर तिल्दा के बीएनबी स्कूल प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा आज स्वर्गीय अटल जी की जयंती है। पूरा विश्व उनका सम्मान करता है। सर्व शिक्षा अभियान, गांव-गांव में सड़कों का निर्माण, पोखरण परमाणु परीक्षण अटल जी की ही देन है। श्रद्धेय अटल जी के जन्मदिन पर मोदी की गारंटी को पूरा करने का फैसला कैबिनेट ने लिया था। उन्होंने कहा कि किसानों को दो साल के बकाया धान के बोनस राशि वितरण के लिए अनुपूरक बजट में राशि का प्रावधान किया गया था। सुशासन दिवस पर किसानों के खाते में राशि का अंतरण हुआ है। हमारी सरकार ने बकाया बोनस की राशि किस्तों में नहीं, बल्कि एकमुश्त राशि दी है। हमारी सरकार जनता से किए गए वादे को चरणबद्ध ढंग से पूरा कर रही है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने तिल्दा के किसानों को दो साल के धान के बकाया बोनस राशि वितरण प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड का प्रतीकात्मक शुभारंभ किया।  

इससे पहले कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सुशासन दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वर्गीय वाजपेयी की जयंती पर उनका स्मरण कर उन्हें नमन किया। गौरतलब है कि रायपुर जिले के 01 लाख 70 से अधिक किसानों को दो साल धान के बोनस के रूप में 264 करोड़ 79 लाख रूपए की राशि उनके बैंक खातों में भुगतान किया गया है। तिल्दा के 32 हजार 584 किसानों को 49 करोड़ 19 लाख 52 हजार रूपए की दो साल के धान की बकाया बोनस राशि मिली है।

सुशासन दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष तिल्दा नेवरा श्रीमती लेमिका गुरु डहरिया, नगर पंचायत अध्यक्ष खरोरा अनिल सोनी, नगर पालिका उपाध्यक्ष तिल्दा नेवरा विकास सुखवानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक में उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button