वंदे भारत अब पाकिस्तानी बॉर्डर तक जाएगी, रेल मंत्री ने दिल्ली से पंजाब के नए रूट का किया ऐलान

नई दिल्ली (एजेंसी)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पंजाब के लिए एक नई वंदे भारत ट्रेन की घोषणा की है। यह ट्रेन पंजाब में पाकिस्तान सीमा से सटे फिरोजपुर जिले को देश की राजधानी नई दिल्ली से जोड़ेगी। रेल मंत्री ने बताया कि इस ट्रेन का संचालन जल्द ही शुरू किया जाएगा।
वंदे भारत ट्रेन का रूट और समय
अभी तक इस नई वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने की कोई निश्चित तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन इस प्रस्ताव को अंतरिम मंजूरी मिल चुकी है और अब इसे कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर हर दिन चलेगी। फिरोजपुर छावनी (फिरोजपुर कैंट) स्टेशन से यह सुबह 7:55 बजे रवाना होगी और दोपहर 2:35 बजे दिल्ली पहुँचेगी। वापसी में, यह दिल्ली से शाम 4 बजे चलेगी और रात 10:35 बजे फिरोजपुर पहुँचेगी।
इस यात्रा के दौरान, ट्रेन फरीदकोट, बठिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत में रुकेगी। इस लगभग 486 किलोमीटर की दूरी को तय करने में ट्रेन को लगभग 6 घंटे 40 मिनट का समय लगेगा।
राजपुरा-मोहाली रेल लिंक
इस घोषणा के दौरान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पंजाब से आने वाले केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने राजपुरा और एसएएस नगर (मोहाली) के बीच एक नए रेल लिंक की भी घोषणा की। यह रेल लिंक पंजाब के एक बड़े हिस्से को चंडीगढ़-मोहाली-पंचकूला ट्राईसिटी से सीधे और आसानी से जोड़ने में मदद करेगा।
















