वीर सावरकर जयंती : मुख्यमंत्री साय ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने शासकीय निवास पर देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर विचारक और प्रणेता विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वीर सावरकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे महज एक स्वाधीनता सेनानी नहीं थे, बल्कि अदम्य साहस, राष्ट्रवाद और सामाजिक चेतना के जीवंत प्रतीक थे। देश की आजादी और गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन न्योछावर कर दिया। अंग्रेजों द्वारा दी गई तमाम अमानवीय यातनाएं भी उनके देशभक्ति के अटूट संकल्प को डिगा नहीं सकीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सावरकर जी के सामाजिक सुधारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में फैली असमानता, छुआछूत और कुप्रथाओं के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाई थी। उनका हमेशा से यही प्रयास रहा कि समाज में समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत हो। उनके विचार और कृतित्व आज भी हमें समाज सुधार और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की सीख देते हैं।
आगे बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर के आदर्श आज की युवा पीढ़ी को एक मजबूत और आत्मनिर्भर देश बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश को और सशक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस गौरवमयी अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा भी मौजूद रहे और उन्होंने भी वीर सावरकर को नमन किया।
















