परिक्रमावासियों की सेवा कर धन्य हुए हम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने इंदौर में किया आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण
भोपाल (एजेंसी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार रात इंदौर के दयालबाग स्थित आश्रय स्थल का रात 10:30 बजे अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने वहाँ अस्थायी रूप से रह रहे लोगों से बात की और आश्रय स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं व व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी आश्रयग्राहियों को कंबल वितरित किए, ताकि उन्हें ठंड से राहत मिल सके।
आश्रयग्राहियों को वितरित किए कंबल, व्यवस्थाओं की ली जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्रय स्थल में ठहरे विभिन्न लोगों से संवाद किया। उन्होंने झाबुआ और दाहोद से परीक्षा देने आए छात्रों – कमल, संकेत और संजय, साथ ही इंदौर में पानी की टंकी पर चौकीदारी कर रहे श्रमिक चुन्नी लाल और अन्य मजदूरों से उनके यहाँ आने का कारण, काम की स्थिति और आश्रय स्थल पर मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वहाँ रह रहे लोगों की दैनिक दिनचर्या, समस्याओं और उनकी ज़रूरतों को समझा।
इसी दौरान, मुख्यमंत्री की परिक्रमावासी अनिल जी से भी बात हुई। अनिल जी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी धार्मिक परिक्रमा पूरी करके वापसी की है। उनसे चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “आपकी सेवा और दर्शन करके हम भी धन्य हो गए हैं।”
इस अवसर पर विधायक श्री गोलू शुक्ला, श्री सुमित मिश्रा, श्री गौरव रणदीवे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और इंदौर सम्भागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने काल भैरव धाम में किए दर्शन
आश्रय स्थल का निरीक्षण पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्री काल भैरव धाम पहुँचे। उन्होंने मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दयालबाग आश्रय स्थल का रात 10:30 बजे अचानक दौरा किया।
उन्होंने आश्रय स्थल में किए गए सभी प्रबंधों की गहन जानकारी प्राप्त की।
वहाँ मौजूद लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबल बाँटे।
धार्मिक परिक्रमा पूरी करके लौटे श्री अनिल जी से भेंट कर संवाद किया।
निरीक्षण के पश्चात श्री काल भैरव धाम मंदिर में पूजा-अर्चना की।
















