छत्तीसगढ़

बिलासपुर में ‘कचरे से कंचन’: 75 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा आधुनिक बायोगैस संयंत्र, मुख्यमंत्री साय ने लिया जायजा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और शहरी कचरे के प्रभावी प्रबंधन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी में निर्माणाधीन कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र का निरीक्षण किया। ‘गोवर्धन योजना’ के तहत भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा विकसित किए जा रहे इस प्रोजेक्ट की प्रगति और कार्यप्रणाली की मुख्यमंत्री ने विस्तार से समीक्षा की।

क्या है परियोजना की खासियत?

करीब 10 एकड़ भूमि पर और 75 करोड़ रुपए की स्वीकृत लागत से बन रहा यह संयंत्र बिलासपुर नगर निगम और छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी के संयुक्त सहयोग से आकार ले रहा है। इस प्लांट के शुरू होने के बाद प्रतिदिन 130 टन नगरीय ठोस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा। इससे रोजाना लगभग 5 टन स्वच्छ कंप्रेस्ड बायोगैस (सीएनजी विकल्प) और 16 टन उच्च गुणवत्ता वाली ठोस जैविक खाद (एसएफओएम) तैयार होगी।

पर्यावरण संरक्षण और रोजगार का संगम

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय की ऊर्जा जरूरतों और पर्यावरण संतुलन के लिए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कचरे से ऊर्जा और खाद बनाने की यह तकनीक न केवल शहरों को स्वच्छ रखेगी, बल्कि संसाधनों का सही सदुपयोग भी सुनिश्चित करेगी। इससे एक तरफ स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, तो वहीं दूसरी तरफ किसानों को खेतों की उर्वरता बढ़ाने के लिए सस्ती और उपयोगी जैविक खाद उपलब्ध हो सकेगी। यह प्रोजेक्ट ‘स्वच्छ और हरित छत्तीसगढ़’ के विजन को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

निर्माण कार्य में तेजी, 150 श्रमिकों को मिल रहा काम

अधिकारियों ने जानकारी दी कि संयंत्र स्थल पर बुनियादी ढांचे और प्रमुख सिविल कार्यों का निर्माण तेजी से चल रहा है। वर्तमान में निर्माण गतिविधियों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 150 स्थानीय श्रमिकों को सीधा रोजगार प्राप्त हो रहा है।

इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला, श्री धरमलाल कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button