छठ पर्व और पीएम मोदी पर बयान का मामला : राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर केस दर्ज

नई दिल्ली (एजेंसी)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के विरुद्ध बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत में एक शिकायत (परिवाद) दाखिल की गई है। यह मामला राहुल गांधी द्वारा छठ पर्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों से संबंधित है।
अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने बुधवार को यह परिवाद न्यायालय में पेश किया। अदालत ने मामले को स्वीकार करते हुए 11 नवंबर 2025 को सुनवाई की तारीख निश्चित की है।
अधिवक्ता ओझा ने बताया कि राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मुजफ्फरपुर में एक जनसभा में, हिंदुओं की आस्था के प्रमुख पर्व छठ के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जिससे आम लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
परिवाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 298, 356(2), 352, और 353 के तहत दायर किया गया है। ओझा के अनुसार, छठ आस्था का प्रतीक है, और इस पर गलत बयानबाजी तथा प्रधानमंत्री के प्रति अनुचित टिप्पणी को लेकर उन्होंने कानूनी सहारा लिया है। न्यायालय ने शिकायत को पंजीकृत कर लिया है और अगली सुनवाई के लिए 11 नवंबर की तारीख तय की है।
















