बिलासपुर में वेस्ट जोन बैडमिंटन स्पर्धा संपन्न, डिप्टी सीएम साव ने विजेताओं को दिया सम्मान

बिलासपुर। बिलासपुर स्थित डायमंड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल मैच काफी रोमांचक रहे। कोर्ट पर खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, गति और जज्बे का परिचय देते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन अवसर पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मैदान पर दिखा अनुशासन और आत्मविश्वास यह साबित करता है कि राज्य में बैडमिंटन का स्तर तेजी से उठ रहा है। क्षेत्रीय और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को बड़े मंच के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने जोर दिया कि परिणाम चाहे जो भी हो, निरंतर मेहनत, खेल भावना और सुधार की चाह ही एक खिलाड़ी को भविष्य का चैंपियन बनाती है।
















