महतारी वंदन योजना : नए आवेदनों की तारीख पर सस्पेंस बरकार, विधानसभा में घिरी सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की चर्चित महतारी वंदन योजना के पोर्टल को दोबारा खोलने की तारीख पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान यह मुद्दा तब गरमा गया जब खुद सत्तापक्ष के एक विधायक ने अपनी ही सरकार को इस पर घेर लिया।
अपनों के ही सवालों से घिरीं मंत्री
प्रश्नकाल के दौरान सत्तारूढ़ दल के विधायक धर्मजीत सिंह ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से सीधा सवाल किया कि नई पात्र महिलाओं के लिए आवेदन पोर्टल कब से खोला जाएगा? विधायक ने क्षेत्र का हवाला देते हुए कहा कि जब वे जनता के बीच जाते हैं, तो महिलाएं लगातार उनसे यह सवाल पूछ रही हैं। उनके पास इस बात का कोई जवाब नहीं है, इसलिए सरकार सदन में स्थिति स्पष्ट करे ताकि वे अपने क्षेत्र की जनता को सही जानकारी दे सकें। इस वाकये से साफ है कि योजना के दूसरे चरण में हो रही देरी के चलते अब सत्तापक्ष के विधायकों पर भी जमीनी स्तर पर दबाव बढ़ने लगा है।
सरकार का जवाब: आंकड़े बताए, पर तारीख नहीं
विधायक के तीखे सवाल पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने योजना से जुड़े आंकड़े तो सामने रखे, लेकिन पोर्टल खुलने की कोई तय तारीख नहीं बता सकीं। मंत्री ने सदन को निम्नलिखित जानकारियां दीं:
कुल पंजीकरण: योजना की शुरुआत से लेकर जून 2026 तक राज्य में 70,17,428 पात्र महिलाओं का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है।
लाभान्वित महिलाएं: इनमें से 68,54,003 महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है।
लंबित मामले: लगभग 35,930 महिलाएं ई-केवाईसी (e-KYC), त्रुटिपूर्ण दस्तावेजों या स्थानीय निवास प्रमाण पत्र की कमी के कारण फिलहाल लाभ से वंचित हैं, जिन्हें कमियां दूर होने के बाद जोड़ा जाएगा।
नए आवेदनों को स्वीकार करने की निश्चित समय-सीमा बताने में सरकार असमर्थ रही। मंत्री ने सिर्फ इतना कहा कि आगामी चरण की शुरुआत होने पर ही नई पात्र महिलाओं को जोड़ा जाएगा। सरकार के इस अस्पष्ट रुख से साफ है कि महतारी वंदन योजना के दूसरे चरण को लेकर फिलहाल कोई ठोस कार्ययोजना तैयार नहीं है, जिससे जनता के साथ-साथ खुद पार्टी के नेता भी असमंजस में हैं।
















