रायपुर ज्वेलरी शॉप चोरी : बाउंड्री वॉल तोड़कर घुसे नकाबपोश, 10 लाख के गहने पार

रायपुर। गुढ़ियारी क्षेत्र के रामनगर में स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण पार कर दिए। दुकान के संचालक सुनील जैन जब सुबह शोरूम पहुंचे, तो अंदर सामान बिखरा हुआ था और फॉल्स सीलिंग क्षतिग्रस्त मिली। जांच करने पर दुकान की दीवार में लगभग 12 से 18 इंच का एक सुराख पाया गया, जिसके जरिए चोर भीतर दाखिल हुए थे।
दो दिनों की मशक्कत के बाद दीवार में किया सुराख
प्राथमिक जांच से पता चला है कि चोरों ने दुकान में सेंध लगाने के लिए दो दिनों तक कोशिश की। दुकान के पीछे स्थित एक खाली बाउंड्रीवॉल युक्त प्लॉट के रास्ते आरोपी घुसे थे। पहले दिन नाकामी मिलने के बाद, दूसरे दिन उसी स्थान की दीवार में सुराख बनाकर वे अंदर घुसने में सफल रहे। दुकान से ढाई तोला सोना और दो किलोग्राम से अधिक चांदी के जेवरात गायब हैं।
धार गिरोह पर पुलिस को संदेह
दुकान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों में दो नकाबपोश चोर चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात में मध्य प्रदेश के धार जिले का गिरोह शामिल हो सकता है। यह गिरोह आमतौर पर रेलवे स्टेशन के आसपास के इलाकों और सुनसान प्लॉट से लगी दुकानों को निशाना बनाता है। पुलिस को आरोपियों के बाइक से फरार होने के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनके आधार पर तलाश की जा रही है।
पुरानी वारदातों की गुत्थी भी उलझी
उल्लेखनीय है कि लगभग डेढ़ महीने पहले कचना स्थिति ‘शिव ज्वेलर्स’ में भी गैस कटर से शटर काटकर करीब 15 किलो चांदी और दो तोला सोना चुरा लिया गया था। उस मामले में भी पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज मौजूद थे, लेकिन डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
















