छत्तीसगढ़मनोरंजन

पर्दे पर साहित्य का जादू : मशहूर किताबों से प्रेरित हैं संजय लीला भंसाली की ये 6 चर्चित फिल्में

मुंबई (एजेंसी)। बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक संजय लीला भंसाली अपनी भव्य शैली, आलीशान सेट और यादगार संगीत के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों के किरदार दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ते हैं। हालांकि, बहुत कम लोग इस बात से वाकिफ हैं कि भंसाली की कई सुपरहिट फिल्में पूरी तरह से मौलिक नहीं थीं, बल्कि प्रसिद्ध साहित्यिक कृतियों पर आधारित थीं। उन्होंने इन किताबों की कहानियों को अपने अनूठे सिनेमाई नजरिए से पर्दे पर उतारा।

जहां उनकी आगामी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर पहले अटकलें थीं कि यह लियो टॉलस्टॉय के ‘वॉर एंड पीस’ पर आधारित होगी, वहीं निर्देशक ने साफ कर दिया है कि यह एक ओरिजिनल कहानी है। आइए जानते हैं भंसाली की उन 6 फिल्मों के बारे में, जिनकी जड़ें साहित्य में छिपी हैं:

  1. देवदास (2002)

शरतचंद्र चट्टोपाध्याय के कालजयी उपन्यास ‘देवदास’ को भंसाली ने साल 2002 में एक बेहद भव्य रूप दिया। शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित के दमदार अभिनय, शानदार संगीत और करोड़ों के सेट ने इसे उस समय की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल कर दिया। बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के साथ-साथ इस फिल्म का प्रीमियर कान फिल्म फेस्टिवल में हुआ और इसने पांच राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी अपने नाम किए।

  1. सांवरिया (2007)

रणबीर कपूर और सोनम कपूर की पहली फिल्म ‘सांवरिया’ रूसी साहित्यकार फ्योदोर दोस्तोवस्की की लघु कथा ‘व्हाइट नाइट्स’ पर आधारित थी। हालांकि, दिवाली पर शाहरुख खान की ‘ओम शांति ओम’ से टकराव के कारण यह बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी। फिर भी, भंसाली के निर्देशन, फिल्म के विजुअल्स और सलमान खान के कैमियो को दर्शकों ने खूब सराहा।

  1. गोलियों की रासलीला राम-लीला (2013)

विलियम शेक्सपियर की विश्व प्रसिद्ध प्रेम त्रासदी ‘रोमियो एंड जूलियट’ को भंसाली ने गुजराती पृष्ठभूमि में ढालकर एक नया रूप दिया। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की शानदार केमिस्ट्री, दमदार संगीत और भव्य दृश्यों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म ने दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया।

  1. बाजीराव मस्तानी (2015)

नागनाथ एस. इनामदार के मराठी उपन्यास ‘राऊ’ से प्रेरित यह फिल्म भंसाली के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक थी। रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा की इस ऐतिहासिक प्रेम कहानी को बड़े पैमाने पर फिल्माया गया। शाहरुख खान की ‘दिलवाले’ के साथ क्लैश होने के बावजूद, फिल्म ने वर्ल्डवाइड 350 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर बड़ी सफलता हासिल की।

  1. पद्मावत (2018)

सूफी कवि मलिक मुहम्मद जायसी के महाकाव्य ‘पद्मावत’ पर आधारित इस फिल्म में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। रिलीज से पहले भारी विरोध और विवादों का सामना करने के बावजूद, जब यह सिनेमाघरों में पहुंची तो दर्शकों ने इसे हाथों-हाथ लिया और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की।

  1. गंगूबाई काठियावाड़ी (2022)

आलिया भट्ट के करियर की बेहतरीन फिल्मों में शुमार ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ मशहूर लेखक एस. हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ के एक अध्याय से प्रेरित थी। कोरोना महामारी के बाद सिनेमाघरों में रौनक लौटाने वाली इस फिल्म में आलिया के अभिनय और भंसाली के निर्देशन की जमकर तारीफ हुई, और यह बॉक्स ऑफिस पर सफल रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button