नकली गुटखे के निर्माण पर बड़ी कार्रवाई : पान मसाला खाने के शौकीनों के लिए बुरी खबर

धमतरी। जिले में अवैध व्यापार, मादक पदार्थों और जन स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाने वाले उत्पादों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर, थाना प्रभारी रुद्री ने खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर अवैध पान मसाला निर्माण फैक्ट्री पर कानूनी कार्रवाई की।
अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ और गिरफ्तारी
इस कार्रवाई के दौरान, रुद्री थाना क्षेत्र के ग्राम शकरवारा से 49 वर्षीय आरोपी प्रहलाद मूलवानी को गिरफ्तार किया गया। यह आरोपी सिहावा चौक, धमतरी का निवासी है। पुलिस ने आरोपी प्रहलाद मूलवानी के धमतरी स्थित गोदाम और मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान पता चला कि आरोपी अवैध रूप से ‘आशिकी’ नामक पान मसाला का निर्माण और भंडारण कर रहा था।
जब्त सामान और कानूनी कार्रवाई
पकड़े गए आरोपी के पास से पान मसाला बनाने की मशीन, ‘आशिकी’ पान मसाला का कच्चा माल (रॉ मैटेरियल), तैयार पान मसाला पाउच, एक मोबाइल फोन, सहित कुल 13,41,555 रुपये का सामान जब्त किया गया।
आरोपी द्वारा बिना अनुमति के पान मसाला का निर्माण और मानव स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाने वाले पदार्थ का अवैध भंडारण करने के आरोप में, रुद्री थाने में अपराध क्रमांक 46/2025 धारा 318 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
















