देश-विदेश

बिहार चुनाव : वोटिंग से पहले बड़े नेताओं ने जनता से क्या अपील की?

बिहार (एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी है। गुरुवार, 6 नवंबर को राज्य की 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इसके बाद, दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को 122 सीटों पर होगी, और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जैसे जिलों में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। वोटिंग शुरू होने से पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने बिहार की जनता से बड़ी अपील की है।

प्रमुख नेताओं की मतदाताओं से अपील

नरेंद्र मोदी (प्रधानमंत्री): “बिहार में आज लोकतंत्र के महापर्व का पहला चरण है। विधानसभा चुनावों के इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। पहली बार वोट डाल रहे राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!”

नीतीश कुमार (मुख्यमंत्री): “लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है। आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है- सभी मतदाताओं से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। पहले मतदान, फिर जलपान!”

राहुल गांधी (वरिष्ठ कांग्रेस नेता):

“बिहार के मेरे युवा साथियों, मेरे Gen-Z भाइयों और बहनों, आज का दिन सिर्फ़ मतदान का दिन नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य की दिशा तय करने का दिन है। आपमें से कई पहली बार वोट डालने जा रहे हैं – यह सिर्फ़ आपका अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है। आपने देखा, हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ – हर जगह इन लोगों ने जनता की आवाज़ दबाने की कोशिश की। अब इनकी नज़र बिहार पर है, आपके वोट पर, आपके भविष्य पर। बड़ी संख्या में अपने मतदान केंद्र पहुंचिए, महागठबंधन के अपने प्रत्याशी को वोट दीजिए। बूथ पर हो रही हर साज़िश, हर हेरफेर पर सतर्क रहिए – लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत, जागरूक जनता होती है। बिहार का भविष्य आपके हाथ में है – ‘वोट चोरी, सरकार चोरी’ की इस साज़िश को हराइए। सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए, अपने वोट से लोकतंत्र को बचाइए, बिहार को जगाइए। जय हिंद, जय बिहार।”

अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री):

“बिहार के मतदाता बहनों-भाइयों, विशेषकर युवाओं से आग्रह करता हूँ कि आज पहले चरण के मतदान में रिकॉर्ड संख्या में वोट करें। आपका एक-एक वोट बिहार में जंगलराज की वापसी को रोकने, सुशासन को बनाए रखने और एक विकसित, आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा। घुसपैठियों और नक्सलियों को संरक्षण देकर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को इस चुनाव में सबक सिखाएं। हर प्रदेशवासी तक आधुनिक शिक्षा, गरीबों के कल्याण और युवाओं के रोज़गार के अवसरों के साथ-साथ बिहार के गौरव की पुनर्स्थापना में आपका वोट अहम भूमिका निभाएगा।”

तेजस्वी यादव (राजद नेता):

“सभी बिहार के भाग्य विधाताओं को मेरा प्रणाम। आज मतदान का महत्वपूर्ण दिन है। बिहार की आगे की नियति कैसी होगी ये आपके द्वारा दबाया गया एक बटन तय करेगा। लोकतंत्र, संविधान और मानवीयता के हित हेतु आपका मतदान करना बहुत आवश्यक है। मैं सभी मतदाताओं से, विशेष रूप से पहली बार मत का प्रयोग कर रही GEN-Z से, माताओं-बहनों से, व्यापारियों से, किसान से, प्रवासियों से, हर आम नागरिक से, हर छात्र से, हर मरीज़ और उसके परिवार से और बिहार के एक-एक मतदान के योग्य नागरिक से ये अपील करना चाहता हूँ कि मतदान ज़रूर कीजिएगा, हर हाल में कीजिएगा। बिहार का हाल ख़ुशहाल तभी होगा जब आप सब अपने मत का प्रयोग करेंगे। आपके मत का प्रयोग बनाएगा बिहार की उन्नति का सुयोग। इसलिए याद रखें बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने मत का प्रयोग ज़रूर करें। सबसे पहले मतदान याद से बाक़ी सब काम-काज बाद में!”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button