दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को पद्म विभूषण : राष्ट्रपति भवन में सम्मान लेते हुए भावुक हुईं हेमा मालिनी

नई दिल्ली (एजेंसी)। सिनेमा जगत के सर्वकालिक महान अभिनेताओं में शुमार धर्मेंद्र (हीमैन) को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पॉद्म विभूषण’ से नवाजा गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में धर्मेंद्र की पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने इस सम्मान को स्वीकार किया।
इस दौरान पूरा माहौल बेहद भावुक हो गया। हेमा मालिनी अपनी बेटी अहाना देओल के साथ इस विशेष समारोह का हिस्सा बनने पहुंची थीं। जैसे ही धर्मेंद्र के नाम की घोषणा हुई और हेमा मालिनी पुरस्कार लेने आगे बढ़ीं, वह अपने जज्बात पर काबू नहीं रख सकीं। वहीं, पिता को मिले इस सर्वोच्च सम्मान और उनकी कमी को महसूस करते हुए बेटी अहाना की आंखों से आंसू छलक पड़े। तालियां बजाते हुए अहाना खुद को रोने से नहीं रोक पाईं।
सोशल मीडिया पर इस ऐतिहासिक और संवेदनशील पल की तस्वीरें आते ही धर्मेंद्र के करोड़ों प्रशंसकों की आंखें भी नम हो गईं। फैंस अपने चहेते सितारे को याद कर इस सम्मान पर गर्व जता रहे हैं।
















