ईपीएफओ रायपुर की साइकिल रैली में स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

रायपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रविवार को आयोजित यह कार्यक्रम केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया की पहल ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमित साइकिलिंग के लिए प्रेरित करना और स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
साइकिल रैली में ईपीएफओ के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-द्वितीय गौरव डोगरा तथा सहायक निदेशक (राजभाषा) विकास शुक्ल सहित कार्यालय के अनेक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम में टूर-द-रायपुर के सक्रिय सदस्य अनिमेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अनिमेश शर्मा ने प्रतिभागियों को साइकिलिंग के स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ाती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाने में सहायक है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विश्व पर्यावरण दिवस के तहत कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया तथा स्वच्छता गतिविधियों में भी भाग लिया। इस दौरान गौरव डोगरा ने कहा कि साइकिलिंग ईंधन की बचत के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम है और इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विकास शुक्ल ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं स्टाफ रिक्रिएशन क्लब की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
















