मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने घायल युवकों को अपनी कार से भेजा अस्पताल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने एक सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की मदद कर संवेदनशीलता और इंसानियत की मिसाल पेश की है। उन्होंने न सिर्फ अपनी गाड़ी रुकवाई, बल्कि घायल युवकों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भी भिजवाया।
यह घटना रविवार दोपहर की है, जब अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के पास एक स्कूटी और ऑटो रिक्शा के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही तड़प रहे थे।
काफिला रोककर की मदद
उसी समय मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े रायपुर से लौटकर अंबिकापुर होते हुए अपने गृहग्राम सूरजपुर के बीरपुर जा रही थीं। जैसे ही उनकी नजर हाईवे पर तड़पते हुए घायल युवकों पर पड़ी, उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवा दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री खुद अपनी गाड़ी से नीचे उतर गईं। उन्होंने बिना समय गंवाए दोनों घायल युवकों को अपनी ही सरकारी गाड़ी में बिठाया और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों को फोन कर घायलों को तुरंत बेहतर इलाज देने के निर्देश भी दिए।
घायलों की स्थिति: मंत्री के वाहन से अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों की सीनियर टीम ने तुरंत दोनों युवकों का इलाज शुरू कर दिया। राहत की बात यह है कि फिलहाल दोनों घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है।
घायलों को अपनी गाड़ी से भेजने के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े काफी देर तक सड़क पर ही खड़ी रहीं। बाद में उनके लिए दूसरे वाहन का इंतजाम किया गया, जिससे वे अपने गांव के लिए रवाना हुईं। घटनास्थल पर मौजूद आम लोगों ने मंत्री की इस सहृदयता और त्वरित मदद की जमकर तारीफ की है।
















