छत्तीसगढ़

राज्योत्सव 2026 : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर नवा रायपुर में तैयारियां तेज, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने लिया जायजा

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘राज्योत्सव 2026’ की भव्यता और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने नवा रायपुर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का दौरा कर जारी तैयारियों की समीक्षा की। इस वर्ष समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।

वित्त मंत्री ने तूता गांव, सत्य साईं अस्पताल परिसर और विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) का दौरा कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं ताकि आम जनता और अतिथियों को कोई असुविधा न हो।

सुगम और सुरक्षित व्यवस्था: ट्रैफिक संचालन, पार्किंग, स्वच्छता और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभागीय समन्वय: मंत्री चौधरी ने सभी विभागों को आपस में तालमेल बनाकर काम करने और कमियों का तुरंत निपटारा करने को कहा।

सांस्कृतिक और विकास प्रदर्शनी: राज्योत्सव के दौरान राज्य की समृद्ध संस्कृति, धरोहर और विकास की झांकियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया।

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की अस्मिता और प्रगति का प्रतीक है, इसलिए इसकी गरिमा के अनुसार ही सभी आयोजन होने चाहिए। इस अवसर पर नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button