राजनांदगांव के रिसॉर्ट में युवती की मौत का मामला : संचालक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म की पुष्टि

राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मनगट्टा के ‘विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट’ में भिलाई की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती तफ्तीश के बाद पुलिस ने इस घिनौने अपराध में शामिल रिसॉर्ट संचालक समेत तीन लोगों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवती को जबरन शराब पिलाई और फिर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में बेहद तेजी से कार्रवाई की गई है।
रायपुर ले जाने के बहाने रची साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, परिजनों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट का बारीकी से अध्ययन किया। जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी आशुतोष उर्फ आशु, छत्रपाल उर्फ बल्लू और घनश्याम बेलचंदन ने 24 वर्षीय पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ रायपुर ले जाने की योजना बनाई थी। सफर के दौरान आरोपियों ने युवती को जबरदस्ती अत्यधिक शराब पिला दी, जिससे वह बेसुध हो गई।
नशे की हालत का फायदा उठाकर किया दुष्कर्म
जब युवती पूरी तरह मदहोशी की हालत में आ गई, तो आरोपी उसे मनगट्टा के विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट लेकर पहुंचे। यहाँ मुख्य आरोपी आशुतोष ने पीड़िता की बेबसी का फायदा उठाते हुए उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस हैवानियत के कारण युवती को गंभीर चोटें भी आईं, जो बाद में उसकी मौत का कारण बनीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कीर्तन राठौर ने बताया कि संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
रिसॉर्ट को किया गया सील, आरोपी सलाखों के पीछे
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
आशुतोष हिरवानी (उम्र 26 वर्ष, निवासी- बुचीभरदा, राजनांदगांव)
छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (उम्र 25 वर्ष, निवासी- ग्राम टेड़ेसरा)
घनश्याम बेलचंदन (उम्र 25 वर्ष, निवासी- ग्राम निकुम, जिला दुर्ग)
प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए वारदात के घटनास्थल यानी विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट को पूरी तरह से सील कर दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















