ग्लोबल मंच पर भारत का परचम : भूमिका शाजवानी ने जीता ‘मिसेज अर्थ एलीट 2026’ का ताज

मुंबई (एजेंसी)। सुंदरता, बौद्धिक क्षमता और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जाने वाला प्रतिष्ठित ‘मिसेज अर्थ एलीट 2026’ का खिताब भारत की भूमिका शाजवानी ने अपने नाम कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए भूमिका ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और स्पष्ट दृष्टिकोण से निर्णायकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता के दौरान भूमिका ने पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी मजबूत सोच रखी। उन्होंने केवल सैद्धांतिक बातें करने के बजाय व्यावहारिक और ज़मीनी स्तर पर काम करने योग्य योजनाओं का खाका पेश किया, जिसकी निर्णायकों ने जमकर सराहना की।
कड़ी मेहनत और ज़मीनी स्तर पर काम का नतीजा
इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे भूमिका का महीनों का अथक प्रयास शामिल है। उन्होंने रैंप वॉक, फिटनेस और भाषण कला (पब्लिक स्पीकिंग) के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी काफी काम किया। उन्होंने कई महीनों तक ज़मीनी प्रोजेक्ट्स पर काम करते हुए आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित किया। यही अनुभव प्रतियोगिता के दौरान उनके आत्मविश्वास और संयमित व्यवहार में साफ झलका।
सोशल मीडिया पर बधाई और सराहना
भूमिका की इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों का तांता लगा हुआ है। फैशन उद्योग, मनोरंजन जगत और सामाजिक संगठनों से जुड़ी हस्तियों ने उनके इस सफर को सराहा है। विशेष रूप से पर्यावरण सुरक्षा, महिला शिक्षा और सामाजिक कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ प्रशंसा हो रही है।
भविष्य की योजनाएं
‘मिसेज अर्थ एलीट 2026’ बनने के बाद भूमिका अब इस अंतरराष्ट्रीय मंच के जरिए अपने सामाजिक अभियानों को नए आयाम देंगी। वह आगामी समय में विभिन्न वैश्विक आयोजनों, शैक्षणिक कार्यक्रमों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करेंगी।
















