नक्सलवाद की हार और बस्तर के जन-संकल्प की जीत : श्यामगिरी पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा

रायपुर। दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी में 2019 में हुए घातक नक्सली हमले के घटनास्थल पर गुरुवार को छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप पहुंचे। दोनों नेताओं ने पूर्व विधायक स्व. भीमा मंडावी सहित अरनपुर व श्यामगिरी हिंसा में प्राण गंवाने वाले 13 शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान स्थानीय निवासियों और उस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने उस भयावह दौर के अनुभवों को साझा किया।
शहीद परिवारों से संवाद और नकुलनार-बचेली मार्ग का नामकरण
दौरे के दौरान दोनों मंत्रियों ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और शासन से मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की। स्व. भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी से मुलाकात के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया।
ग्रामीणों की विशेष मांग को स्वीकार करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नकुलनार से बचेली जाने वाली सड़क का नाम शहीद भीमा मंडावी के नाम पर रखने की घोषणा की और इसके लिए कलेक्टर को तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
“अब बिना डर के हर कोने में लागू होगा भारत का संविधान”
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा:
“हम सबने नक्सली हिंसा में अपनों को खोया है। कभी तिरंगा फहराने पर नक्सलियों द्वारा डराया जाता था, लेकिन आज बस्तर के लोगों के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है। अब बस्तर की जनता की जीत हुई है और बिना किसी भय के क्षेत्र में तिरंगा लहरा रहा है।”
उन्होंने आम जनता से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और सोशल मीडिया के माध्यम से भी देशभक्ति के इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
एक पेड़ शहीदों के नाम: मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों ने शहीदों की स्मृति में पौधे रोपे और घटना स्थल की मिट्टी को सहेज कर संग्रहित किया।
महिलाओं को रोजगार का प्रोत्साहन: डिप्टी सीएम ने ‘बिहान’ समूह की महिलाओं से संवाद कर उन्हें लघु वनोपज प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब ‘छत्तीसकला’ ब्रांड के तहत इन उत्पादों को बढ़ावा दे रही है।
राष्ट्रपति भवन से लौटे कलाकारों से मुलाकात: अरनपुर के मांदरी दल (बस्तर पंडुम विजेता) से मुलाकात करते हुए उपमुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अब जल्द ही राष्ट्रपति भी बस्तर आकर आपसे मिलेंगी।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर, एसपी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
















