दृढ़ संकल्प को मिला तकनीक का संबल : रायपुर की दृष्टिबाधित छात्रा जयमंती को मुख्यमंत्री ने सौंपा विशेष लैपटॉप

रायपुर। दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है, इसे साबित कर दिखाया है जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र अंतर्गत गोरिया गांव की निवासी जयमंती खेस ने। 100 प्रतिशत दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होंने पढ़ाई से कभी मुंह नहीं मोड़ा। रायपुर के शासकीय दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय (डिग्री गर्ल्स कॉलेज) में स्नातक (बी.ए.) अंतिम वर्ष में अध्ययनरत जयमंती के शिक्षक बनने के सपने को साकार करने के लिए राज्य प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बगिया स्थित अपने आवास पर छात्रा से मुलाकात कर उन्हें स्क्रीन-रीडर जैसे विशेष असिस्टेंट सॉफ्टवेयर से लैस एक लैपटॉप उपहार स्वरूप प्रदान किया।
जनदर्शन में मिला संवेदनशीलता से भरा समाधान
अपनी पढ़ाई को डिजिटल संसाधनों के जरिए अधिक सुगम बनाने के लिए जयमंती ने कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान अपनी जरूरत जाहिर की थी। उनकी लगन को देखते हुए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए उनकी आवश्यकता अनुसार कस्टमाइज्ड लैपटॉप तैयार करवाया। मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं इस उपकरण को सौंपे जाने पर छात्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा से उन्हें अपनी पढ़ाई पूरी करने और नोट्स तैयार करने में बहुत आसानी होगी।
“शिक्षक बनकर करना चाहती हूं देश सेवा”
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री साय ने जब जयमंती से उनकी भावी योजनाओं के बारे में पूछा, तो उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ अध्यापन क्षेत्र में जाने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने उनके इस जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में केंद्रीय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार संसाधन मुहैया कराने हेतु वचनबद्ध है।
तकनीक बनेगी अध्ययन का मुख्य आधार
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, इस लैपटॉप में वॉयस-बेस्ड सपोर्ट वाले खास सॉफ्टवेयर स्थापित किए गए हैं। इसकी मदद से स्क्रीन पर आने वाले टेक्स्ट को ऑडियो में बदलकर सुना जा सकेगा। इस आधुनिक तकनीक से जयमंती अब बिना किसी सहायता के डिजिटल किताबें, ऑनलाइन सामग्री और ई-नोट्स पढ़कर अपनी उच्च शिक्षा की राह को स्वतंत्र रूप से आसान बना सकेंगी।
















