छत्तीसगढ़

विद्या-तकनीक के माध्यम से मजबूत हो रही भारत-जापान की सांस्कृतिक डोर : सीएम साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जापान की एहिमे यूनिवर्सिटी से पहुंचे 17 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से औपचारिक मुलाकात की। ‘भारत-जापान इंटर एक्सचेंज कार्यक्रम’ के तहत 3 दिवसीय शैक्षणिक दौरे पर आए इन विद्यार्थियों से सीएम साय ने विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस बातचीत में दोनों देशों के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक जुड़ाव, बौद्ध विरासत, रिसर्च, टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप्स और युवा संवाद प्रमुख बिंदु रहे।

ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रिश्तों पर बल

जापानी छात्रों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और जापान के रिश्ते प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों पर टिके हैं, जो अब शिक्षा, विज्ञान और आर्थिक सहयोग के नए आयाम छू रहे हैं। बुद्ध की करुणा और शांति का संदेश दोनों देशों को एक मजबूत सांस्कृतिक सूत्र में बांधता है। उन्होंने राज्य के प्राचीन पुरातात्विक केंद्र सिरपुर का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए इसे बौद्ध विरासत और स्थापत्य कला का अद्भुत संगम बताया।

जापान दौरे की यादें और भावी संभावनाएं

सीएम साय ने अपने जापान प्रवास के अनुभवों को साझा करते हुए वहां की अनुशासित कार्यसंस्कृति, तकनीकी प्रगति और परंपराओं के प्रति सम्मान की सराहना की। उन्होंने कहा कि एहिमे यूनिवर्सिटी और छत्तीसगढ़ के तकनीकी संस्थानों के बीच आपसी संवाद से अनुसंधान, स्टार्टअप और इनोवेशन के नए रास्ते खुलेंगे।

छत्तीसगढ़ी मेहमाननवाज़ी से गदगद हुए जापानी छात्र

जापानी विद्यार्थियों ने रायपुर में मिले आत्मीय स्वागत, स्थानीय खान-पान और गणेश उत्सव की परंपराओं की तारीफ की। छात्राओं ने मेहंदी लगवाई और भारतीय परिधान भी खरीदे। इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने एनआईटी रायपुर के रिसर्च व इन्क्यूबेशन सेंटर का दौरा कर दैनिक समस्याओं का समाधान करने वाले स्टार्टअप्स में गहरी रुचि दिखाई।

विद्यार्थियों का यह दल ऐतिहासिक स्थल सिरपुर का भी भ्रमण करेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एनआईटी रायपुर के प्रोफेसर दिलीप सिंह सिसोदिया, डॉ. समीर बाजपेयी और आईआईटी हैदराबाद के प्रोफेसर सी.के. मोहन समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button