मनोरंजन

रायपुर के युवा रितेश पाल ने जीता ‘इंडियाज बेस्ट डांसर 5’ का खिताब, सैलून में काम करते हुए हासिल किया मुकाम

रायपुर। संघर्ष और मेहनत के बल पर अपने सपनों को साकार करने की एक नई मिसाल पेश की है छत्तीसगढ़ के 19 वर्षीय रितेश पाल ने। रायपुर के रहने वाले रितेश ने डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ की ट्रॉफी अपने नाम कर पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

17 हफ्तों के कड़े मुकाबले और कड़ी मेहनत के बाद शो के ग्रैंड फिनाले में रितेश को विजेता घोषित किया गया। इस शानदार जीत के साथ उन्हें एक ट्रॉफी और 15 लाख रुपये का नकद इनाम मिला है। उन्होंने यह सफलता अपने कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर के मार्गदर्शन में हासिल की। जीत के बाद प्रतीक उतेकर ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए फैंस के प्यार और समर्थन का शुक्रिया अदा किया और रितेश को अपना “रॉकस्टार” बताया।

मुश्किलों भरा रहा डांसर बनने का सफर

एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले रितेश के लिए यह मुकाम हासिल करना बिल्कुल आसान नहीं था। शुरुआत में परिवार वाले डांस के खिलाफ थे और उन्हें कोई व्यावहारिक काम करने की सलाह देते थे। अपनों का सहयोग न मिलने के बावजूद रितेश ने अपनी राह खुद बनाई।

वे हफ्ते के छह दिन डांस की बारीकियां सीखते और अभ्यास करते, जबकि रविवार को जेब खर्च जुटाने के लिए अपने भाई के सैलून में हाथ बटाते थे। इससे पहले भी वे ‘डांस प्लस 6’ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

इनामी राशि से मां के लिए बनाएंगे घर

इस बड़ी उपलब्धि के बाद रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। जीत के बाद अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बात करते हुए रितेश ने बताया कि इस इनामी राशि का इस्तेमाल वे सबसे पहले अपनी मां के लिए एक नया घर बनाने में करेंगे, जिसका नाम वे ‘हरि दर्शन’ रखना चाहते हैं। रितेश का मानना है कि मां के लिए कुछ भी करना उनके अपने सपनों को पूरा करने जैसा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button