छत्तीसगढ़

जांजगीर पहुंची ‘सेवा संकल्प यात्रा’: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी बाइक रैली में हुए शामिल, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का दिया संदेश

जांजगीर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल की जनसेवा के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी जाते हुए छत्तीसगढ़ के जांजगीर पहुंची। इस मौके पर जिले के प्रभारी एवं राज्य के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने शहर में निकली बाइक रैली में खुद हिस्सा लिया और युवाओं में नया जोश भरा।

युवा संवाद कार्यक्रम में किया गया यात्रियों का सम्मान

जांजगीर पहुंचे बाइक यात्रियों का जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में वित्त मंत्री चौधरी ने गुजरात से उत्तर प्रदेश की यात्रा पर निकले युवाओं को शाल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में बोलते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक सफर केवल समय का बीतना नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का एक मिसाल है। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक उनका हर कदम देशहित को समर्पित रहा है।

2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका

वित्त मंत्री ने जोर देकर कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में देश के युवाओं का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, नई सोच और नवाचार ही छत्तीसगढ़ और पूरे देश को तरक्की के नए शिखरों पर ले जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि आर्थिक और तकनीकी विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना भी हर नागरिक का कर्तव्य है।

जन-जन तक पहुंचेगा सेवा और सुशासन का संदेश

कार्यक्रम के दौरान जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में जनभागीदारी और सेवा भाव को बढ़ाना है।

वहीं, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि इस यात्रा के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और सुशासन का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button